हमारी भूल, कमल का फूल के महिलाओं ने लगाए नारे
सैक्टर दो व तीन में किया हनुमान चालीसा का किया पाठ
मेरठ। शास्त्रीनगर क्षेत्र के सेक्टर-2 और सेक्टर-4 में शनिवार को भी महिलाओं का धरना प्रदर्शन जारी रहा। सेंट्रल मार्केट पर तेज गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं धरना स्थल पर पहुंचीं और आवास विकास परिषद के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जताई। महिलाओं ने 'हमारी भूल, कमल का फूल' के नारे लगाकर विरोध दर्ज कराया और सेटबैक वापस लेने की मांग दोहराई।
धरना स्थल पर जुटीं महिलाओं का कहना है कि सेटबैक वापस लेने की मांग को लेकर पिछले कई माह से लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।गर्मी के बावजूद महिलाएं लगातार सेंट्रल मार्केट के लिए धरने पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।तेज धूप में बैठी महिलाओं ने साफ तौर पर स्पष्ट किया कि हमने अपनी मांग बताई हुई है, जिस दिन हमें इस बात का कोई लिखित आश्वासन मिल जाएगा कि हमारे मकान सेटबैक के तहत नहीं टूटेंगे उसी दिन हम अपना धरना समाप्त कर देंगे। दोनों जगह पर महिलाओं ने यही कहा कि हमें सरकार पर तो भरोसा है लेकिन हम धरना खत्म लिखित आदेश के बाद ही करेंगे।
धरने के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से 108 बार राम नाम का जाप भी किया। इसके माध्यम से उन्होंने अपनी मांगों के जल्द समाधान की प्रार्थना की और आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने का संकल्प जताया।
बीते दिन सेक्टर 4 में धरना दे रही महिलाएं भाजपा नेता विनीत शारदा से भी मिली थी। जहां उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया था, कि सरकार आपके हित में कार्य कर रही है पूरा प्रकरण हमने मुख्यमंत्री के संज्ञान में डाला हुआ है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना तो कोई नहीं कर सकता लेकिन आपके मकान को बचाने का प्रयास हम लगातार कर रहे हैं। इसके बाद महिलाएं वहां से वापस आ गई थी।
इससे पहले भी धरने पर बैठी महिलाएं राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई, राज्यमंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर, सरधना विधायक अतुल प्रधान और आवास विकास के कार्यालय पर पहुंच चुके हैं। सभी जगह महिलाओं ने अपनी एक ही मांग बताई और सभी जगह से उनको यही आश्वासन मिला कि हम आपके हित में कार्य कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment