शक के चलते भांजी को मामा ने उतारा था मौत के घाट
गला दबाकर मारा फिर शव जंगल में फेंका, पुलिस ने छह घंटे खोली वारदात
मेरठ। लोहिया नगर क्षेत्र में 17 वर्षीय सानिया की हत्या से पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। आन के लिए मामा ने भांजी की गला दबा कर हत्या कर दी थी। मामा को भांजी के चरित्र पर शक था । इस लिए वारदात को अंजाम दिया । पुलिस ने आरोपी मामा का गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार किशोरी के चरित्र पर शक के चलते उसके मामा ने गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को जंगल में एक बाग में फेंक दिया गया।मामले में आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि किशोरी के सौतेले भाई की तलाश जारी है।
जंगल में मिला था किशोरी का शव
शनिवार सुबह नरहेड़ा गांव के जंगल में डॉ. राकेश शर्मा के खेत के पास एक किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। करीब एक घंटे बाद मृतका की पहचान हुमायूं नगर निवासी 17 वर्षीय सानिया के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ के बाद मात्र छह घंटे के भीतर ही इस पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।
चरित्र पर शक के चलते हत्या का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि सानिया के मामा को उसके चरित्र पर संदेह था। उसे शक था कि किशोरी मोबाइल फोन पर लड़कों से बातचीत करती थी। इसी शक के चलते आरोपी ने कथित रूप से सानिया का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में इसे आन की खातिर की गई हत्या के रूप में भी देखा जा रहा है।
पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग मृतका के पिता जावेद की दो शादी हुईं थीं। पहली पत्नी शबनम की मौत हो गई थी। शबनम और जावेद के सोएब और शबनूर दो बच्चे हैं। पत्नी की मौत के बाद जावेद ने दूसरी शादी शाहजहां से की, जिसके सानिया और सोनम दो बेटियां हुईं। सानिया को फोन पर बात करते देख मामा आगबबूला हो गया और मौकेा देखते ही उसे मौत के घाट उतार दिया।
शव को जंगल में ले जाकर फेंका
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी मामा ने सानिया के सौतेले भाई की मदद से शव को जंगल में ले जाकर एक बाग में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके। हालांकि शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और पूछताछ के दौरान मामले का खुलासा हो गया।
मामा गिरफ्तार, सौतेले भाई की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना में कथित रूप से शामिल सौतेले भाई शोएब की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।


No comments:
Post a Comment