एआईएमआईएम पार्षद अफजाल पर मुकदमा दर्ज
बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने और अनैतिक कार्य कराने का आरोप
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एआईएमआईएम पार्टी के वार्ड-81 के पार्षद हाजी अफजाल के खिलाफ गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। खत्ता रोड क्षेत्र निवासी एक महिला ने एसएसपी ऑफिस पर पहुंच पार्षद के खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर ससुराल से ले जाने, अनैतिक कार्य कराने और परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी का निकाह 17 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद में हुआ था। आरोप है कि निकाह के कुछ दिन बाद ही पार्षद हाजी अफजाल उसकी बेटी को ससुराल से तलाक दिलाकर अपने साथ ले गया। महिला का दावा है कि आरोपी की उसकी बेटी पर पहले से गलत नजर थी और बाद में उसने युवती से अनैतिक कार्य भी कराए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी बेटी के खाते में भारी रकम ट्रांसफर की है। विरोध करने पर आरोपी परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देता था।
मामले में ब्रह्मपुरी पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर धारा 351(3) और 77 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता ने ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन आरोपी के रसूख के चलते कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसे एसएसपी से गुहार लगानी पड़ी।
इधर, युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह नोटों की गड्डियों पर लेटी दिखाई दे रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो कहां का है और किसने बनाया।


No comments:
Post a Comment