अस्पताल में बुर्जुग को एचआईवी पॉजिटिव बताकर की ठगी
-दूसरी जांच रिपोर्ट निकली निगेटिव, अधिकारियों से शिकायत
मेरठ।एक निजी अस्पताल पर बुजुर्ग ने एचआईवी पॉजिटिव बताकर लाखों रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया है। जिसकी सूचना रिश्तेदारों में लगने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अस्पताल ने फर्जी रिपोर्ट दिखाकर डराया और कई दिनों तक भर्ती रखा और इलाज के नाम पर करीब एक लाख रुपये वसूल लिए। दूसरी लैब और सरकारी अस्पताल में कराई गई जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। जिसकी शिकायत पीड़ित ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय व सीएमओ से करते हुए जांच की मांग की।
बागपत निवासी बुर्जुग ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया 19 अप्रैल को सांस लेने में दिक्कत और तबीयत खराब होने पर उन्हें कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक निजी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। पीड़ित का आरोप है अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में जांच के बाद उन्हें एचआईवी पॉजिटिव घोषित कर दिया। रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर ने बीमारी को गंभीर बताते हुए उन्हें डराया और कहा कि अस्पताल से बाहर ले जाने पर जान का खतरा हो सकता है। इसी डर के चलते परिवार ने अस्पताल में ही इलाज जारी रखा। कई दिनों तक भर्ती रखकर महंगी दवाइयां और उपचार दिए तथा करीब एक लाख रुपये का बिल बना दिया। पैसे की व्यवस्था करने के लिए परिवार को अपना मकान तक गिरवी रखना पड़ा।
पीड़ित परिवार का कहना है कि एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी रिश्तेदारों और आसपास के लोगों तक पहुंच गई, जिसके बाद सामाजिक रूप से भी उन्हें अपमान और मानसिक तनाव झेलना पड़ा। परिवार का आरोप है कि पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने दूरी बनानी शुरू कर दी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित ने दोबारा अन्य लैब और बागपत के सरकारी अस्पताल में एचआईवी जांच कराई। वहां रिपोर्ट निगेटिव आने पर परिवार को शक हुआ कि निजी अस्पताल की रिपोर्ट फर्जी थी और उसी के आधार पर उनसे मोटी रकम वसूली गई। जिसकी शिकायत पीड़ित ने एसएसपी के साथ ही सीएमओ से करते हुए निष्पक्ष जांच कर अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने और जिम्मेदार डॉक्टरों व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सीएमओ ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment