...जब दर्द भी ‘कंटेंट’ बन जाता है!
- मनीषा मंजरी
हाल के दिनों में एक दर्दनाक घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया। जबलपुर के बरगी डैम में बीस साल पुराने क्रूज के डूबने से कुछ ही पलों में कई जिंदगियाँ खत्म हो गईं, कई परिवारों के सपने बिखर गए, और कुछ रिश्ते हमेशा के लिए अधूरे रह गए। ऐसी घटनाएँ केवल समाचार नहीं होतीं, वे उन लोगों के जीवन का हिस्सा बन जाती हैं, जिनके लिए यह क्षति अपूरणीय होती है। लेकिन इस त्रासदी के बाद जो एक और दृश्य सामने आया, उसने मन को और भी अधिक विचलित कर दिया। सोशल मीडिया पर उस घटना से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो को बार-बार साझा किया जाने लगा। उन पर कविताएँ लिखी गईं, भावुक पंक्तियाँ जोड़ी गईं, और उन्हें इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो वे किसी रचनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम हों।
एक माँ और उसके बच्चे की तस्वीर, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, उसे भी बार-बार साझा किया गया। हर बार उसके साथ नए शब्द, नई भावनाएँ, और नई प्रतिक्रियाएँ जुड़ती गईं। यह दृश्य हमें एक महत्वपूर्ण प्रश्न के सामने खड़ा करता है, क्या यही हमारी संवेदनशीलता है?
संवेदना का अर्थ केवल यह नहीं है कि हम किसी का दुख देखकर भावुक हो जाएँ या आँसू बहाएँ। संवेदना का वास्तविक अर्थ है, किसी के दर्द की गरिमा को समझना और उसका सम्मान करना। हर पीड़ा को शब्दों की आवश्यकता नहीं होती, और हर भावना को सार्वजनिक करना भी आवश्यक नहीं होता। जब हम किसी मृत व्यक्ति की तस्वीर को अपनी कविता या पोस्ट का आधार बनाते हैं, तो हम केवल एक कहानी नहीं लिख रहे होते। हम किसी की निजी त्रासदी को सार्वजनिक कर रहे होते हैं। उस तस्वीर के पीछे एक परिवार होता है, जिनके लिए वह केवल एक छवि नहीं, बल्कि उनकी पूरी दुनिया होती है।
क्या हमने कभी यह सोचा है कि जब वे लोग इन तस्वीरों को बार-बार सोशल मीडिया पर देखते होंगे, तो उनके मन पर क्या प्रभाव पड़ता होगा? क्या यह उनके घावों को भरने में मदद करता है, या उन्हें और गहरा कर देता है? आज के डिजिटल युग में अभिव्यक्ति के साधन बहुत आसान हो गए हैं। हर व्यक्ति के पास अपनी बात कहने का मंच है। यह एक सकारात्मक परिवर्तन है, क्योंकि इससे विचारों का आदान-प्रदान संभव हुआ है। लेकिन इसके साथ ही एक नई आदत भी विकसित हुई है, हर अनुभव, हर भावना और हर घटना को तुरंत साझा करने की।
हम अपने जीवन के हर छोटे-बड़े क्षण को इस तरह प्रस्तुत करने लगे हैं कि वह दूसरों के लिए भी दृश्य बन सके। धीरे-धीरे यह प्रवृत्ति केवल निजी जीवन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि हम दूसरों की पीड़ा और कठिन परिस्थितियों को भी उसी दृष्टि से देखने लगते हैं। यहाँ समस्या केवल साझा करने की नहीं है, बल्कि उस दृष्टिकोण की है, जिससे हम इन घटनाओं को देखते हैं।
जब किसी त्रासदी को हम एक “कहानी” या “कंटेंट” के रूप में देखने लगते हैं, तो हम उसकी वास्तविकता और उसकी गंभीरता को कहीं ना कहीं कम कर देते हैं। संवेदनाएँ जितनी गहरी होती हैं, उतनी ही शांत होती हैं। उन्हें शोर की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि समझ और सम्मान की आवश्यकता होती है। कभी-कभी मौन ही सबसे सशक्त अभिव्यक्ति होता है। मौन का अर्थ यह नहीं है कि हम उदासीन हैं या हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। बल्कि इसका अर्थ यह है कि हम उस पीड़ा को इतनी गंभीरता से लेते हैं कि उसे शब्दों में बाँधने की आवश्यकता महसूस नहीं करते।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपनी अभिव्यक्ति के साथ-साथ अपनी संवेदनशीलता की भी रक्षा करें। हमें यह समझना होगा कि कब बोलना आवश्यक है और कब चुप रहना अधिक उचित है। आत्ममंथन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। हमें अपने आप से यह प्रश्न पूछना चाहिए, क्या हम जो साझा कर रहे हैं, वह वास्तव में सहानुभूति से प्रेरित है, या केवल एक आदत बन चुका है? क्या हमारी अभिव्यक्ति किसी की पीड़ा को कम कर रही है, या उसे और अधिक सार्वजनिक बना रही है?
यह भी समझना आवश्यक है कि हर भावना को प्रमाणित करने की आवश्यकता नहीं होती। सच्ची संवेदना को किसी दर्शक या प्रतिक्रिया की जरूरत नहीं होती। वह भीतर से उत्पन्न होती है और वहीं अपनी पूर्णता प्राप्त करती है। समाज की संवेदनशीलता केवल इस बात से नहीं मापी जाती कि हम कितनी जल्दी प्रतिक्रिया देते हैं, बल्कि इस बात से मापी जाती है कि हम कितनी गहराई से समझते हैं। शायद अब समय आ गया है कि हम यह सीखें, दर्द को महसूस करें, पर उसे प्रदर्शन में बदलने से बचाएँ। क्योंकि कुछ कहानियाँ ऐसी होती हैं, जिन्हें शब्दों में नहीं, बल्कि खामोशी में ही सम्मान दिया जा सकता है।
(उपन्यासकार और कवयित्री)






No comments:
Post a Comment