विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मैराथन में दौड़े 700 लोग
प्रतिभागियों ने तंबाकू छोड़ने का दिया संदेश, बोले- इच्छा शक्ति को मजबूत करें
मेरठ। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मेरठ कैंसर हॉस्पिटल, आईआईएमटी विवि और विभिन्न सामाजिक व शैक्षणिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में मिनी मैराथन और जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना और तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
मवाना रोड स्थित वाई जंक्शन मिलिट्री डेयरी फार्म से शुरू हुई मिनी मैराथन में करीब 700 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों में 6 वर्षीय परी चौधरी से लेकर 72 वर्षीय होराम सिंह तक शामिल रहे। कृत्रिम पैर के सहारे दौड़ में शामिल हुए गंगानगर निवासी अखिलेश वर्मा भी आकर्षण का केंद्र रहे।मैराथन भगत लाइंस, गंगानगर पुलिस चौकी, डिफेंस कॉलोनी और डाउनटाउन होते हुए आईआईएमटी विश्वविद्यालय के गेट नंबर-2 पर संपन्न हुई। इसके बाद आयोजित सेमिनार में मेरठ कैंसर हॉस्पिटल के निदेशक एवं कैंसर सर्जन डॉ. उमंग मिथल ने कहा कि तंबाकू में मौजूद हजारों रसायनों में से दर्जनों कैंसर पैदा करने वाले होते हैं।
मनोचिकित्सक बोले- इच्छाशक्ति से तंबाकू की लत छोड़ी जा सकती है
उन्होंने बताया कि गुटखा, खैनी और धूम्रपान के कारण युवाओं में मुंह, गले और फेफड़ों के कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास आने वाले लगभग 60 प्रतिशत मरीज तंबाकू सेवन से जुड़ी बीमारियों से ग्रसित होते हैं।
मनोचिकित्सक डॉ. सम्यक जैन ने कहा कि तंबाकू की लत छोड़ने में इच्छाशक्ति सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। काउंसलिंग, निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी और दवाओं की मदद से भी इस लत से छुटकारा पाया जा सकता है।
आईआईएमटी समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम दस लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करे तो स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है।
विजेताओं को किया सम्मानित
समारोह के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। महिला वर्ग में अंडर-15 में दिव्या नैन, 16 से 30 वर्ष वर्ग में रूपा तथा 30 से 50 वर्ष वर्ग में रुचि यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग में अंडर-15 में विक्रांत, 16 से 30 वर्ष वर्ग में चेतन कुमार और 30 से 50 वर्ष वर्ग में सचिन प्रथम रहे। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रवीण शर्मा प्रथम और होराम सिंह द्वितीय स्थान पर रहे।


No comments:
Post a Comment