नौतपा से पहले तप रहा वेस्ट यूपी ,पारा 43 डिग्री के पार
सुबह से ही आसमान से बरसी आग अगले कई दिन राहत के नहीं आसार
मेरठ। नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है और लोगों को लू व उमस का सामना करना पड़ सकता है।
मई के अंतिम सप्ताह में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई। बढ़ते तापमान का असर अब दिन के साथ-साथ रात के समय भी महसूस किया जा रहा है। सभी जिलों में सुबह से ही गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर देती है। वहीं गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
नौतपा के साथ और बढ़ेगी गर्मीकृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है। इसके चलते आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि दर्ज की जा सकती है। उन्होंने बताया कि तेज धूप, लू और उमस का असर लोगों को अधिक परेशान करेगा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल राहत के संकेत नहीं
डॉ. शाही ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव इस समय कमजोर बना हुआ है। इसी वजह से मौसम में तत्काल राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है। हालांकि 29 मई के बाद मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। बादलों की आवाजाही बढ़ने और हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है।
दोपहर में सड़कों पर छाई वीरानी
रविवार को सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर देखने को मिले। दोपहर होते-होते बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की संख्या कम हो गई। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। धूप से बचने के लिए लोग सिर और चेहरे को कपड़ों से ढककर निकलते नजर आए। वहीं ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी और जूस की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई।
चिकित्सकों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। उनका कहना है कि तेज गर्मी और लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि गर्मी का असर इन वर्गों पर अधिक पड़ सकता है।
किसानों और पशुपालकों को भी सतर्क रहने की सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय खेतों में काम करने से बचें। साथ ही पशुओं के लिए पर्याप्त पानी और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करें। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है और लोगों को अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
दिन के समय घटे बसों के यात्री
जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के चलते यात्रियों ने दिन के समय बसाें में सफर कम कर दिया है। रात के समय ही ज्यादातर यात्री बसो में सफर कर रहे है। बसों में यात्रियों की संख्या कम होने के कारण रोडवेज ने दिन में बसों के फेरे कम कर दिए है।
हाथ पर हाथ धरे बैठे दुकानदार
भीषण गर्मी का असर बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। सुबह से लू के थपेडे के कारण ग्राहक बाजार में कम निकल पा रहे है। बाजार में दुकानदार ग्राहक न आने के कारण दिन भर खाली बैठने के मजबूर हो रहा है। शाम के समय ही ग्राहक बाहर निकल रहे है।



No comments:
Post a Comment