आगरा-जालौन में तेज बारिश, 28 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट

- कल से बदलेगा मौसम, भीषण गर्मी पड़ेगी
लखनऊ (एजेंसी)।
यूपी में 7 दिन से जारी आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह जालौन में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। काले बादल छाने की वजह से अंधेरा छा गया। दोपहर के वक्त आगरा में अचनाक मौसम बदल गया। बिजली कड़कने लगी। करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई।
इसके अलावा, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। आज 28 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में बिजली गिर सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 30 अप्रैल से बारिश हो रही है। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। अधिकतम तापमान में 10°C तक गिर गया है। 28 अप्रैल को सबसे ज्यादा 47.6°C तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया था, जो 7 मई को गिरकर 38°C तक लुढ़क गया है।
इससे पहले गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत 15 जिलों में बारिश हुई। महोबा में आंधे घंटे की बरसात के साथ ओले भी गिरे। बिजनौर में सड़क पर सीसीटीवी के लिए लगाया गया टावर गिर गया। बाराबंकी में हाईवे पर फिसलन की वजह से दो डबल डेकर बसों समेत कई गाड़ियां टकरा गईं। एक व्यक्ति की मौत हो गई। यूपी में सबसे अधिक 27 मिमी. बारिश बुंदेलखंड के जालौन में हुई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ने लगा है। आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में छिटपुट बारिश हो सकती है। आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। कल से गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। पारा फिर से बढ़ने लगेगा। हालांकि, फिलहाल लू से राहत बरकरार रहेगी।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। बर्फबारी हो रही है। अगले 2 से 3 दिन भी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। इसका सीधा असर यूपी में दिख रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा बनाए हुए हैं। बारिश के अनुकूल सिस्टम तैयार कर रही हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts