आईआईएमटी विवि में उत्तर प्रदेश स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ
- 11 से 13 मई 2026 तक 45 जिलों से करीब 400 खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग
मेरठ। आईआईएमटी विवि में ‘उत्तर प्रदेश स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026’ का सोमवार को भव्य शुभारंभ किया गया। 11 से 13 मई 2026 तक आयोजित की जा रही इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के लगभग 45 जिलों से करीब 400 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर आगामी राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करेंगे।
किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित की जा रही ‘उत्तर प्रदेश स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026’ का शुभारंभ आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. वी.पी.राकेश, जनरल सेक्रेटरी अरविंद शेरवालिया, ट्रेजरर सुशील कौशिक, जिला सचिव आदित्य मकोरवाल, डीन ऑफ फिजिकल एजुकेशन डॉ वरेन्द्र सिंह पटियाल, डीन एक्टिविटीज डॉ लखविन्दर सिंह एवं निदेशक प्रशासन डॉ संदीप कुमार, स्पोर्ट्स ऑफिसर आन्शी शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए। गानों पर एक्सरसाइज करते हुए नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ0 वी.पी.राकेश ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। यह प्रतियोगिता प्रदेश में किकबॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी
जनरल सेक्रेटरी अरविंद शेरवालिया ने कहा की उत्तर प्रदेश में किक बॉक्सिंग खिलाड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को दी जा रही विशेष छात्रवृति से खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।
डीन ऑफ फिजिकल एजुकेशन डॉ वरेन्द्र सिंह पटियाल ने बताया की प्रतियोगिता में प्रदेश के पूर्वांचल एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख जिलों और पूर्वांचल से वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़, बलिया, प्रयागराज, गाजीपुर सहित अनेक जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत एवं अन्य जिलों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे, जिससे आयोजन का स्तर और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक एवं आकर्षक हो गया है।मेरठ जिला सचिव आदित्य मकोरवाल ने बताया की प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा, जिनका आयोजन मध्य प्रदेश, ओडिशा एवं अहमदाबाद में प्रस्तावित है।मंच का संचालन डा0 पूनम शर्मा ने किया। आयोजन में सभी डीन, एचओडी, शिक्षक और छात्र-छात्राओं का सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment