कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी 1 महीने से लापता

परिजनों ने एसएसपी से लगाई ढूंढने की गुहार, तलाश में जुटीं 3 पुलिस टीमें

 मेरठ। थाना दौराला क्षेत्र की राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी और इंटरमीडिएट की छात्रा अनुष्का पिछले करीब डेढ़ माह से लापता है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने एसएसपी से हस्तक्षेप की मांग की है। परिवार का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे लापता खिलाड़ी के रिश्तेदार दौराला निवासी नेत्रपाल ने बताया कि उनकी बेटी अनुष्का कंकरखेड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी भी है और कई प्रतियोगिताओं में जिले व प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। परिजनों के मुताबिक, अनुष्का 16 अप्रैल 2026 से लापता है। उसके मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

परिजनों का कहना है कि 18 मई को कंकरखेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। इससे परेशान होकर शनिवार को परिवार के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और छात्रा की सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा।

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। अनुष्का की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है और तकनीकी माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि छात्रा का जल्द पता लगाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि हमे उसकी दोस्त और कोच पर शक है कि उनको पता है हमारी बेटी कहां है इसके साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि जल्द बेटी की सकुशल बरामदगी नहीं होती तो गांव के लोग मिलकर धरने पर बैठ जाऐंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts