गुजरात में पकड़ी गई 1150 करोड़ की कोकीन
- इंडियन कोस्ट गार्ड ने जहाज भी किया जब्तनई दिल्ली (एजेंसी)।इंडियन कोस्ट गार्ड (आईसीजी) और गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड ने मुंद्रा तट के पास एक संयुक्त अभियान में कंटेनर जहाज से 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 1,150 करोड़ रुपये है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह अभियान 25 और 26 मई की दरमियानी रात को चलाया गया था। यह कार्रवाई समुद्री रास्ते से नशीले पदार्थों की तस्करी के बारे में गुजरात एटीएस द्वारा साझा की गई विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी।
आईसीजी की इंटरसेप्टर बोट्स ने मुंद्रा एंकरेज इलाके में एक बड़े तलाशी अभियान की शुरुआत की। इसी बोट पर एटीएस के अधिकारी भी सवार थे। इलाके में मुंद्रा से लगभग पांच नॉटिकल मील की दूरी पर लंगर डाले खड़े एक कंटेनर जहाज पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गई थीं। इस जहाज की पहचान 'एमवी यूरोप' के रूप में हुई है।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि संयुक्त टीम ने अंधेरे के समय जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जाते हुए देखा, जिसके बाद आईसीजी और एटीएस के जवान तेजी से उस जगह पर पहुंचे और कम विजिबिलिटी के बावजूद समुद्र से पांच बैग बरामद कर लिए।
जांच करने पर बैगों में एक सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के 115 पैकेट मिले, जिनमें से हर एक का वजन लगभग एक किलोग्राम था। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में इस पदार्थ के कोकीन होने की पुष्टि हुई है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि जब्त की गई कुल प्रतिबंधित सामग्री का वजन लगभग 115 किलोग्राम था और खुले स्रोतों से किए गए आकलन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसका अनुमानित मूल्य लगभग 1,150 करोड़ रुपये है।


No comments:
Post a Comment