मंडल में परीक्षकों ने किया UP बोर्ड की 16 लाख कॉपियों का मूल्यांकन
17 केंद्रों पर किया कॉपियों का मूल्यांकन किया गया
मेरठ। यूपी बोर्ड की वर्ष-2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य शनिवार को पूरा हो गया। मंडल के सभी जिलों में बने केंद्रों पर 16 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन परीक्षकों द्वारा किया गया।
बोर्ड की मुख्य लिखित परीक्षाएं गत 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलीं। परीक्षा के बाद गत 18 मार्च मूल्यांकन कार्य भी शुरू हो गया। मूल्यांकन के लिए पहले अंतिम तिथि एक अप्रैल रखी गई थी, लेकिन बीच में ईद व रामनवमी अवकाश के कारण मूल्यांकन का समय भी चार अप्रैल तक बढ़ा दिया गया। शनिवार को सभी केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया।
मंडल में 17 केंद्रों पर हुआ मूल्यांकन
मंडल के मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़ व बुलंदशहर जिले के कुल 17 केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। जिले में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए। इनमें पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज, डीएन इंटर कालेज रेलवे रोड, एसएसडी ब्वायज इंटर कालेज लालकुर्ती व एनएएस इंटर कालेज सदर शामिल है।
हाईस्कूल की 9.38 लाख व इंटर की 6.62 लाख का मूल्यांकन पूरा
मंडल के सभी जिलों में शनिवार को मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया है। मंडल के सभी 17 केंद्रों पर कुल 16,00879 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। इनमें हाई स्कूल की 9,38,487 एवं इंटरमीडिएट की 6,62,392 उत्तर पुस्तिकाएं हैं। मूल्यांकन का कार्य पूरा होने के बाद अब माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षा फल तैयार करने की प्रक्रिया में जुट गया है।


No comments:
Post a Comment