युगांडा के राष्ट्रपति के बेटे की नई सनक
तुर्किये से मांगे ₹9000 करोड़ और 'सबसे खूबसूरत महिला'
कम्पाला। अपनी अजीबो गरीब मांगों और सोशल मीडिया पर विवादित बयानों के लिए मशहूर युगांडा के आर्मी चीफ और राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे जनरल मुहूजी कैनेरुगाबा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके निशाने पर तुर्किये (Turkey) है। मुहूजी ने तुर्किये सरकार के सामने ऐसी मांग रखी है जिसे सुनकर अंतरराष्ट्रीय जगत हैरान है। उन्होंने तुर्किये से 1 अरब डॉलर (करीब ₹9000 करोड़) और देश की ‘सबसे खूबसूरत महिला’ को अपनी पत्नी बनाने की मांग की है।
30 दिन का अल्टीमेटम और कूटनीतिक युद्ध की चेतावनी
जनरल मुहूजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तुर्किये को खुला अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने लिखा कि अगर तुर्किये ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो 30 दिन के भीतर युगांडा उनसे सभी संबंध तोड़ लेगा और तुर्किश एयरलाइन पर भी रोक लगा दी जाएगी। मुहूजी का तर्क है कि तुर्किये ने सोमालिया में पोर्ट और एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स से मोटा मुनाफा कमाया है, जबकि युगांडा की सेना ने वहां अल-शबाब जैसे आतंकी संगठनों से लड़कर सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई। इसी 'मुआवजे' के तौर पर उन्होंने 1 अरब डॉलर की मांग की है।
इतना ही नहीं, उन्होंने युगांडा के नागरिकों को तुर्किये की यात्रा न करने की सलाह दी है और इजराइल के समर्थन में अपनी सेना भेजने तक की पेशकश कर दी है।
जब मेलोनी के लिए किया था '100 गायों' का सौदा
यह पहली बार नहीं है जब मुहूजी ने किसी देश या महिला को लेकर ऐसा बयान दिया हो। 2022 में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को शादी का प्रस्ताव देते हुए बदले में 100 गायें देने की पेशकश की थी। उन्होंने तब यह भी कहा था कि अगर इटली ने यह प्रस्ताव ठुकराया, तो उन्हें रोम पर कब्जा करना पड़ेगा। इस शर्मनाक बयान के बाद उनके पिता राष्ट्रपति मुसेवेनी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी थी।
पड़ोसियों और विपक्षी नेताओं को भी नहीं बख्शा
केन्या पर कब्जा: 2022 में उन्होंने दावा किया था कि उनकी सेना महज दो हफ्ते में केन्या की राजधानी नैरोबी पर कब्जा कर सकती है। इस बयान के बाद उन्हें अस्थायी रूप से पद से हटाया गया था।सिर काटने की धमकी: हाल ही में उन्होंने युगांडा के विपक्षी नेता बॉबी वाइन को सिर काटने की धमकी दी थी, जिसे बाद में उन्होंने 'मजाक' करार दिया।
पुतिन का समर्थन:
रूस-यूक्रेन युद्ध में वे खुलेआम व्लादिमीर पुतिन का समर्थन कर चुके हैं और जरूरत पड़ने पर मॉस्को की रक्षा के लिए अपनी सेना भेजने का वादा भी कर चुके हैं।
उत्तराधिकारी की जंग और 'आई एम बैक' का शोर
50 वर्षीय मुहूजी कैनेरुगाबा को राष्ट्रपति मुसेवेनी का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है, जो 1986 से सत्ता में हैं। हाल ही में उन्होंने अपना X अकाउंट डिलीट कर दिया था, लेकिन फिर 'आई एम बैक' लिखकर वापसी की और कहा कि वे "दुनिया को हिला देंगे।" उनके ताजा बयानों से युगांडा की विदेश नीति के लिए मुश्किलें खड़ी हो रही हैं, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि ये सब उनके राजनीति में खुद को स्थापित करने के हथकंडे हैं।


No comments:
Post a Comment