सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के समर्थन में उतरे सपाई
अखिलेश यादव को ज्ञापन सौंपेंगे, सपा नेता बोले-आवाज उठाने पर प्रशासन दबाव बना रहा
मेरठ। सेंट्रल मार्केट प्रकरण में व्यापारियों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता खुलकर सामने आ रहे हैं। शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं का प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर ज्ञापन देगा।
सेंट्रल मार्केट में आवास विकास परिषद की ओर से चल रही प्रशासनिक कार्रवाई से हजारों व्यापारी व उनके परिवार गहरे संकट में हैं। बड़ी संख्या में लोग बेरोजगारी की कगार पर है। यह कार्रवाई उनके रोजगार, आजीविका व स्थानीय व्यापारिक व्यवस्था पर सीधा आघात है।समाजवादी पार्टी स्पष्ट रूप से सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के साथ खड़ी है। अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाया है।
एकतरफा हो रही कार्रवाई
सपा नेता जीतू सिंह नागपाल, शैंकी वर्मा व अन्य ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो भी समाजवादी पार्टी एवं अन्य विपक्षी दलों के नेता व्यापारियों के समर्थन में आगे आ रहे हैं, उनके विरुद्ध प्रशासनिक दबाव बनाया जा रहा है। उनके खिलाफ तस्करा की कार्रवाई भी की जा रही है। मुकदमा करने की भी कार्रवाई शुरू हो चुकी है, जो लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है।
मुख्य मांगें:
सेंट्रल मार्केट में आवास विकास परिषद द्वारा चल रही सीलिंग और बुलडोजर की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास एवं उनके हितों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
व्यापारियों के समर्थन में खड़े नेताओं पर हो रही तस्करा सहित सभी दमनात्मक कार्रवाइयों को तत्काल समाप्त किया जाए।
पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवास विकास परिषद के दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।


No comments:
Post a Comment