गर्मियों में भी दिखें स्टाइलिश : नहीं होगी टैनिंग
गर्मियों के मौसम में फैशन एक्सपेरिमेंट का बेहतर मौका मिलता है लेकिन तेज धूप और टैनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है। हर लड़की चाहती है कि वह स्टाइलिश और ग्लैमरस दिखे, लेकिन गर्मियों में सूरज की हानिकारक किरणों से त्वचा को भी बचाना होता है। खासकर तब जब आपको घर से बाहर निकलना है और ज्यादा समय बाहर ही बितना हो।
गर्मी से राहत पाने के लिए लड़कियां स्लीवलेस, नूडल स्ट्रेप या कई तरह के ऐसे परिधानों का चयन करना चाहती हैं जो स्टाइल, ग्लैमर के साथ ही गर्मी व पसीने से राहत देने वाले हों लेकिन इस तरह के परिधानों से टैनिंग की समस्या भी हो सकती है।
इस मौसम में दफ्तर, काॅलेज, सफर या आउटिंग के लिए जाने से पहले सही आउटफिट चुनना बेहद जरूरी हो जाता है। सही फैब्रिक, रंग और स्टाइल चुनकर आप न सिर्फ अपने लुक को अपग्रेड कर सकती हैं बल्कि टैनिंग से भी बच सकती हैं।
फुल-स्लीव्स चुनें
गर्मियों में लोग अक्सर शॉर्ट कपड़े पहनते हैं, लेकिन ये टैनिंग का सबसे बड़ा कारण बनते हैं। आप फुल-स्लीव्स टॉप या फुल लेंथ आउटफिट को अपनाएं। ये टैनिंग से बचाते हैं।
मैक्सी ड्रेस
गर्मियों में फुल लेंथ आउटफिट का चयन कर सकती हैं। मैक्सी ड्रेस स्टाइल, ग्लैम और गर्मी से राहत देने वाली होती है। ध्यान रखें कि ड्रेस की बाजुएं फुल हों या फिर साथ में श्रग या जैकेट को पेयर करके पहनें ताकि टैनिंग से पूरी तरह से बचाव हो सके। साथ में स्कार्फ को भी स्टाइल कर सकती हैं।
पलाजो या को-आर्ड सेट
आप पलाजो के साथ लाॅन्ग या शाॅर्ट कुर्ता पेयर कर सकती हैं। स्टाइलिश लुक के लिए आजकल को-आर्ड सेट चलन में हैं। इसमें एलिगेंट और ग्लैमरस लुक मिलता है। साथ ही आपकी स्किन को धूप से बचाता है।
स्मार्ट लेयरिंग है गेम-चेंजर
घर के बाहर निकलते समय गर्मी, धूप और सूरज की यूवी किरणों से अपनी स्किन को कवर करने के लिए श्रग, किमोनो जैकेट या लाइटवेट ओवरशर्ट्स पहनना एक ट्रेंडी तरीका है । ये आपके आउटफिट में स्टाइल जोड़ते हैं और सीधी सन एक्सपोजर से भी बचाते हैं।
गर्मियों के लिए फैशन टिप्स
- कॉटन, लिनन और रेयॉन जैसे हल्के और ब्रीदेबल फैब्रिक्स गर्मियों के लिए परफेक्ट होते हैं। ये पसीना सोखते हैं और स्किन को ठंडा रखते हैं। सिंथेटिक फैब्रिक से बचें क्योंकि ये गर्मी को ट्रैप करते हैं और स्किन डैमेज बढ़ा सकते हैं।
- डार्क कलर्स सूरज की गर्मी को ज्यादा एब्जॉर्ब करते हैं, जिससे स्किन पर असर बढ़ता है। इसके बजाय व्हाइट, बेज, पेस्टल पिंक, स्काई ब्लू जैसे हल्के रंग पहनें। ये न सिर्फ आपको फ्रेश लुक देते हैं बल्कि गर्मी से भी बचाते हैं।
- हैट, सनग्लासेस और स्कार्फ जैसे एक्सेसरीज न सिर्फ आपके लुक को कम्प्लीट करते हैं बल्कि स्किन और बालों को भी प्रोटेक्ट करते हैं। एक वाइड-ब्रिम हैट आपके चेहरे और गर्दन को सीधी धूप से बचाता है।


No comments:
Post a Comment