कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित हुई असि. प्रोफेसर की परीक्षा
नौ केंद्रों पर पहली पाली में 35.15 व दूसरी पाली में 38.89 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे उपस्थित
असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में पूछे गए कई रोचक सवाल
नौ केंद्रों पर पहली पाली में 35.15 व दूसरी पाली में 38.89 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे उपस्थित
सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया, शिक्षाशास्त्र का पेपर आसान, मेरिट ऊंची जाने की उम्मीद
मेरठ। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की ओर से आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर (सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा विज्ञापन संख्या-51) परीक्षा शनिवार को कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच सम्पन्न हो गई।पहली पाली में 35.15 व दूसरी पाली में 38.89 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
शिक्षाशास्त्र विषय की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर आसान आया। ऐसे में मेरिट अबकी बार हाई जाने की संभावना है। आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा के लिए शहर में पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज बेगमपुल रोड व एनएएस कालेज समेत नौ केंद्र बनाए गए थे।
प्रथम पाली में सुबह 9.30 से पूर्वाह्न 11.30 बजे तक उर्दू, शिक्षाशास्त्र, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान, अंग्रेजी एवं समाजशास्त्र समेत नौ विषय व दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक वनस्पति विज्ञान, हिंदी, विधि व दर्शनशास्त्र समेत आठ विषयों की परीक्षा हुई। मुख्य गेट पर सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया।
परीक्षा में पूछे गए कुछ सवाल
शिक्षाशास्त्र विषय की परीक्षा में कुल सौ सवाल हल करने के लिए आए। इनमें सामान्य ज्ञान के कुल 30 सवाल पूछे गए। इनमें काहिरा में आयोजित आइएसएसएफ वर्ल्ड कप-2023 में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक किस निशानेबाज ने जीता। सही उत्तर रुद्रांक्श पाटिल रहा
भारत के पहले सौर मिशन आदित्य-एल-1 को किस प्रक्षेपण यान से लांच किया गया था। सही उत्तर पीएसएलवी-सी 57 रहा। गंगा की जल प्रवाह की दृष्टि से सबसे बड़ी सहायक नदी कौन सी है।
फिजियोलाजी या मेडिसिन का नोबल पुरस्कार-23 उन खोजों के लिए दिया गया है जो कोविड-19 टीकों में प्रयुक्त किस तकनीक के विकास से संबंधित थीं। शैक्षिक मूल्यांकन में किसी परीक्षण की वैधता का अर्थ क्या होता है। अप्रैल-2023 में कौन सा देश नाटो का सदस्य बना। सही उत्तर फिनलैंड रहा।
इन सभी सवालों के जवाब के लिए चार विकल्प दिए गए थे। इनमें से एक का चयन करना था। कुल दो सौ अंकों के यह सवाल थे। निगेटिव मार्किंग नहीं थी।
आसान आया पेपर
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज बेगमपुल रोड से शिक्षाशास्त्र की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी डा. विनीत कुमार आर्य, कुलदीप सिंह, प्रताप सिकदार एवं डा. नीलाक्षी का कहना था कि पेपर में निगेटिव मार्किंग न होने के कारण पूरे सौ सवाल हल किए।
वहीं, पिछली परीक्षा की तुलना में यह पेपर आसान आया। हालांकि पेपर के सामान्य ज्ञान के सवालों में वर्ष-2023 व वर्ष-2011 के घटनाक्रमों से भी कई सवाल पूछे गए।
इतने पुराने सवाल सामान्य ज्ञान में नहीं पूछे जाने चाहिए थे। एनईपी से संबंधित सवाल हर बार परीक्षा में आ रहा है। इन सभी का कहना था कि पेपर आसान होने के कारण मेरिट हाई जाने की संभावना है। वहीं, दूसरी पाली में दर्शनशास्त्र विषय की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर मुश्किल आया।
बोले अधिकारी
एडीएम सिटी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पालियों में सभी केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपंन हुई। प्रथम पाली में कुल पंजीकृत 4492 में से 1579 उपस्थित व 2913 अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में पंजीकृत 3091 में से 1202 अभ्यर्थी उपस्थित व 1889 अनुपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment