सीएनजी बस में लगी आग,सभी ने कूदकर बचाई जान
53 यात्री थे सवार, बड़ा हादसा टला
मेरठ । जानी थाना मेे सोमवार को एक सीएनजी बस में आग लग गई। यह घटना बागपत रोड स्थित कुराली धर्मशाला के पास हुई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री, चालक और परिचालक समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस (संख्या UP 17 T3005) सड़क किनारे थी और उसमें कुछ यात्री मौजूद थे। अचानक इंजन के पास से धुआं उठने लगा, जो कुछ ही पलों में तेज आग में बदल गया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
एआरटीओ राजेश कुमार ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में बस की फिटनेस सही पाई गई है और इसे मेरठ-बागपत रोड पर चलने का परमिट प्राप्त है। आग लगने का प्राथमिक कारण वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बस में लगा सीएनजी किट कंपनी फिटेड था या बाद में लगवाया गया था।
चालक और परिचालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत सभी यात्रियों को बस से उतार दिया, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, आग बुझने तक बस का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए बागपत रोड पर यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को असुविधा हुई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य किया। इस मार्ग पर लगभग 75 ऐसी गाड़ियां चलती हैं, जिनमें कुछ डीजल और कुछ सीएनजी से संचालित होती हैं।

No comments:
Post a Comment