बिजली मुद्दों पर हंगामा!
सपा नेताओं का ऊर्जा भवन में हल्ला बोल
मेरठ। जनपद में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के ऊर्जा भवन पर पहुंचे सपा नेताओं ने विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे शाहिद मंज़ूर और अतुल प्रधान ने कार्यकर्ताओं के साथ ऊर्जा भवन पहुंचकर बिजली व्यवस्था को लेकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रीपेड मीटर को लेकर कथित उत्पीड़न, बार बार बिजली लाइन टूटने और ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद समय पर बदलाव न होने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जर्जर बिजली लाइनों के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है, जिससे आम जनता का जीवन भी प्रभावित हो रहा है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment