युवाओं की हड्डियां हो रहीं खोखलीं, घुटने कमजोर हो कर चलने में दे रहे दिक्कत

 मेरठ।  आजकल कम उम्र में ही हड्डियां कमजोर हो रही हैं और घुटनों में दर्द की समस्या बढ़ती जा रही है। जो समस्या पहले 50-60 साल की उम्र के बाद देखी जाती थी वह अब 25-35 साल के युवाओं में आम हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि फास्ट फूड हमारी हड्डियों को अंदर से खोखला कर रही है। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ युवराज चौधरी बताते हैं कि लोग अधिकतम समय घर या ऑफिस में विताते हैं। बहुमंजिला इमारतों, एसी कमरों और बढ़ते स्क्रीन टाइम के कारण शरीर को सीधी धूप नहीं मिल रही है। सूर्य की किरणें त्वचा में विटामिन-डी बनाती हैं जो कैल्शियम को हड्डियों में अवशोषित करने के लिए अनिवार्य है।



फास्ट फूड पोषण का दुश्मन: 

डॉ युवराज चौधरी के अनुसार, जंक फूड और फास्ट फूड पोषण के सबसे बड़े दुश्मन हैं। ये खाद्य पदार्थ शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की जगह तो ले लेते हैं लेकिन पोषण के नाम पर कुछ नहीं देते। अत्यधिक नमक, प्रोसेस्ड फूड और कैफीन युक्त ड्रिंक्स कैल्शियम को शरीर से बाहर निकाल देते हैं। इससे हड्डियां खोखली हो जाती हैं। फ्रैक्चर का खतरा भी बढ़ जाता है।

शहरी महिलाओं में विटामिन डी की सबसे ज्यादा कमी

डॉ युवराज चौधरी ने चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए बताया कि शहरी युवा महिलाओं में विटामिन-डी की कमी 50 से 90 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। लगातार बैठे रहने से जोड़ों की ल्युब्रीकेशन (चिकनाई) कम हो जाती है। हड्डियों की डेंसिटी घटने लगती है। यदि दर्द या कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत ब्लड टेस्ट कराकर विटामिन-डी और कैल्शियम के स्तर की जांच करानी चाहिए। डॉ युवराज चौधरी के मुताबिक समय रहते जीवनशैली में बदलाव करके न केवल घुटनों के दर्द से बचा जा सकता है बल्कि बुढ़ापे तक हड्डियों की मजबूती को भी बरकरार रखा जा सकता है।

हड्डियों को ऐसे करें मजबूत

रोजाना सुबह 15-20 मिनट की धूप लें। यह विटामिन-डी का सबसे प्राकृतिक और मुफ्त स्रोत है।

अपनी डाइट में दूध, दही, पनीर, हरी सब्जियों (पालक, मेथी), बादाम, अखरोट, अंडा और मछली शामिल करें। ताजे फल और सलाद का सेवन अनिवार्य करें।

लंबे समय तक एक जगह न बैठें। हर एक घंटे में पांच मिनट वॉक करें। धूम्रपान और शराब से पूरी तरह दूरी बनाएं।

सप्ताह में कम से कम 4-5 दिन 30-45 मिनट व्यायाम करें। वॉकिंग, जॉगिंग, योग, स्क्वाट्स या वेट ट्रेनिंग हड्डियों को मजबूती प्रदान करते हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts