सैलून संचालक का शव जंगल में मिला,हत्या की आशंका
डंडा-चप्पल बरामद, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मेरठ। थाना किठौर क्षेत्र में नंगली केजंगल में शनिवार सुबह एक सैलून संचालक का शव चारपाई पर मिलने से सनसनी फैल गई। युवक शुक्रवार दोपहर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन ग्रामीणों ने जंगल में उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से डंडा और चप्पल मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होने की बात कही है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय बिट्टू के रूप में हुई है, जो गांव में ही सैलून चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। बिट्टू शुक्रवार दोपहर जंगल की ओर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह जब कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए, तो उन्होंने एक चारपाई पर बिट्टू का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत गांव और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना के दौरान पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही किठौर थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके के पास एक डंडा और मृतक की चप्पल भी बरामद हुई है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि बिट्टू की साजिश के तहत हत्या की गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


No comments:
Post a Comment