सनौता गांव में तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में फैली  दहशत

ग्रामवासी बोले- पहले भी दिखा था, वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

मेरठ।फलावदा थाना क्षेत्र के गांव सनौता में सोमवार शाम को तेंदुआ दिखने से दहशत मच गई। गांव वासियो ने तेंदुए को गांव के ही कब्रिस्तान की दीवार पर बैठा देखा। जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही लोग अपने घरों में दुबक गए और बच्चों को बाहर न निकलने की हिदायत दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब गांव में तेंदुआ देखा गया हो। इससे पहले भी कुछ दिन पहले ही कई बार तेंदुए की मौजूदगी क्षेत्र में देखी गई है, लेकिन वन विभाग ने इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के चलते गांववासियों की जान जोखिम में बनी हुई है।

स्थानीय निवासी आतिर रिजवी ने बताया कि शाम करीब 6 बजे खेत तेंदुआ दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाकर अन्य लोगों को सतर्क किया। कुछ ही देर में पूरे गांव में खबर फैल गई और लोग भयभीत हो गए। वहीं डीएफओ वंदना फोगाट का कहना है कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसके चलते एक टीम को मौके पर भेजा गया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है और आसपास के गांवों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।

 बता दें  मेरठ और आसपास के इलाकों में पहले भी तेंदुए की आवाजाही की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts