क्रांति नगरी मेरठ में हुआ आध्यात्मिक इतिहास का पुनर्जागरण, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी
"हर हर महादेव" और "जय गुरुदेव" के उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा
मेरठ। क्रांति नगरी मेरठ ने एक ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक क्षण का साक्षात्कार किया, जब श्री सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग के पावन एवं प्राचीन अंशों का भव्य आगमन, दर्शन एवं पूजन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
दिव्य आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग मेरठ परिवार द्वारा आयोजित किया गया, जिसने शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। देशव्यापी आध्यात्मिक यात्रा के अंतर्गत मेरठ पहुंचे इन पावन अंशों के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु विभिन्न क्षेत्रों से कार्यक्रम स्थल सरस्वती शिशु मंदिर, डी-ब्लॉक, शास्त्री नगर में उपस्थित हुए। शाम 5:00 बजे से प्रारंभ हुआ यह आयोजन रात 8:00 बजे तक भक्ति, ध्यान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन के दिव्य वातावरण में निरंतर चलता रहा।
इस पावन अवसर पर बैंगलोर आश्रम से पधारे स्वामी भाव्यतेज के सान्निध्य में पंडित रोहित एवं पंडित सागर द्वारा वैदिक रीति-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भव्य पूजा-अर्चना सम्पन्न कराई गई। इस दिव्य अनुष्ठान ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया और श्रद्धालुओं को अद्वितीय शांति एवं भक्ति का अनुभव कराया। श्रद्धालुओं ने हजारों वर्षों से संरक्षित इन पावन अंशों के दर्शन कर गहरी आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव किया। अनेक श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का एक दुर्लभ एवं अविस्मरणीय क्षण बताया। "हर हर महादेव" और "जय गुरुदेव" के उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपरा एवं आध्यात्मिक चेतना के पुनर्जागरण का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा। कार्यक्रम ने समाज को अपनी जड़ों से जुड़ने और आध्यात्मिकता की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया! कार्यक्रम के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों ने अत्यंत समर्पण, अनुशासन एवं सेवा भाव के साथ व्यवस्थाओं को संभाला, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यातायात, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की। शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। मीडिया बंधुओं की सक्रिय उपस्थिति एवं सहयोग ने इस ऐतिहासिक आयोजन को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेरठ में इस प्रकार का दिव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन शहर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुआ है। अंत में, आर्ट ऑफ लिविंग मेरठ परिवार ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, प्रशासन एवं मीडिया बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग एवं सहभागिता से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


No comments:
Post a Comment