चोरों ने मकान से दिनदहाडे साफ किया लाखो का सामान
मेरठ । थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात हुई। लक्खीपुरा स्थित एक घर से चोरों ने सेफ के ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए। यह घटना तब हुई जब घर की मालकिन कुछ देर के लिए पड़ोस में गई हुई थीं।
मोहम्मद उम्मेद अपने परिवार के साथ मकान की पहली मंजिल पर रहते हैं और नीचे डेयरी का काम करते हैं। बुधवार दोपहर उम्मेद पशुओं के लिए चारा लेने बाजार गए थे। इसी दौरान, घर में गैस खत्म होने पर उनकी पत्नी शायरा पड़ोसी के यहां खाना बनाने चली गईं। उन्होंने जाते समय घर के मुख्य गेट पर बाहर से कुंडी लगा दी थी।
लगभग आधे घंटे बाद जब शायरा घर लौटीं, तो अंदर का नजारा देख उन्होंने पाया कि सेफ के ताले टूटे पड़े थे और उसमें रखे सभी जेवरात तथा नकदी गायब थी। शायरा ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मद उम्मेद भी बाजार से वापस लौट आए और पुलिस को जानकारी दी गई। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पीड़ित परिवार की ओर से पिल्लोखड़ी चौकी पर तहरीर दी गई है। क्षेत्राधिकारी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से इलाके के लोगों में भय का माहौल है।


No comments:
Post a Comment