मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी में व्याख्यान देंगे डॉ. विवेक कुमार

अंतरराष्ट्रीय मंच पर ‘ग्लोबल नॉर्थ बायस’ पर रखेंगे भारत का दृष्टिकोण

मेरठ । चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संस्थान के समन्वयक डॉ. विवेक कुमार को रूस की राजधानी मास्को स्थित प्रतिष्ठित मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी (एम.एस.यू.) के विधि संकाय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में व्याख्यान हेतु आमंत्रित किया गया है।

डॉ. विवेक कुमार 17 अप्रैल, 2026 को आयोजित होने वाले “II यूथ फोरम ऑन इनसोल्वेंसी (बैंकरप्सी): न्यू प्रॉब्लम्स एंड चैलेंजेज” के अंतरराष्ट्रीय सत्र में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे “Challenging Global North Bias: Reverse Lessons from Global South Insolvency Innovation for Worldwide Reform” विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।

अपने व्याख्यान में डॉ. विवेक कुमार वैश्विक आर्थिक एवं विधिक व्यवस्था में विकसित देशों के वर्चस्व (ग्लोबल नॉर्थ बायस) की समीक्षा करते हुए विकासशील देशों (ग्लोबल साउथ) द्वारा अपनाए गए नवाचारों को वैश्विक सुधार के लिए उपयोगी मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेंगे। यह विषय वर्तमान वैश्विक आर्थिक असमानताओं और विधिक सुधारों के संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक माना जा रहा है।

17 अप्रैल, 2026 को निर्धारित सत्र में डॉ. विवेक कुमार मॉस्को समयानुसार 13:50 बजे अपना व्याख्यान देंगे। यह अंतरराष्ट्रीय मंच विधि एवं दिवालियापन (इनसोल्वेंसी) से जुड़े समकालीन मुद्दों पर वैश्विक संवाद का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

उल्लेखनीय है कि मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी वर्ष 1755 से विधि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान रहा है और विश्व स्तर पर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर आमंत्रण प्राप्त होना चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अर्जेंटीना, इटली, ब्राजील, पेरू सहित 15 देशों के 30 प्रतिष्ठित विधि विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से प्रो. फेविप फैरीनिन्ल्ला (अर्जेंटीना), प्रो. साल्वेटोर विटाले (इटली), प्रो. जार्च (पेरू) तथा प्रो. डीलन्टल (ब्राजील) सम्मिलित हैं।

डॉ. विवेक कुमार के अनुसार इस सहभागिता से विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान सुदृढ़ होगी तथा छात्रों एवं शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर नवीन ज्ञान एवं शोध के अवसर प्राप्त होंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts