आवास विकास परिषद के मानक के अनुसार ऐसा होना चाहिए भवनों का स्वरूप
मेरठ। यूपी के मेरठ स्थित शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की आफतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। 44 निर्माण पर सील के बाद अब मकान के आगे और पीछे जगह छोड़ने का आदेश दिया गया है। इससे व्यापारी परेशान हैं।
शास्त्रीनगर में व्यावसायिक दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई के बाद अब वहां के निवासियों को अपने आशियानों के अस्तित्व की चिंता सताने लगी है। सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख के बाद आवासीय भवनों में सेट बैक (अनिवार्य खाली जगह) छोड़ने का डर लोगों के मन में बैठ गया है।संकट यह है कि पिछले चार दशकों में अधिकतर भूखंडों पर पूरी जमीन पर बहुमंजिला निर्माण कर लिया गया है। यदि अब नियमों के तहत सेट बैक या फ्रंट सेट बैक खाली कराया जाता है तो तकनीकी रूप से अधिकतर मकानों के भरभराकर गिरने का खतरा पैदा हो गया है।
आवास विकास परिषद की आवासीय कालोनी शास्त्रीनगर लगभग 40 साल पहले विकसित होनी शुरू हुई थी। उस समय परिषद ने जनता को कुछ खाली प्लॉट आवंटित किए थे और कुछ मकान बनाकर दिए थे।मूल नक्शे में सभी मकानों में सेट बैक और फ्रंट सेट बैक के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी गई थी। लेकिन समय के साथ लोगों ने उस खाली स्थान को कवर कर लिया और मकान के अगले हिस्सों में छोटी दुकानें बनाकर रोजगार शुरू कर दिया।अब सुप्रीम कोर्ट ने इसे अवैध निर्माण मानते हुए कार्रवाई के आदेश दिए हैं जिससे परिवारों में हड़कंप मचा है। यह स्थिति केवल शास्त्रीनगर ही नहीं बल्कि मेरठ के कई अन्य इलाकों में भी है।
ये है आवासीय भवनों के लिए सैट बैक नियम
150 वर्ग मीटर से कम: 1 मीटर का फ्रंट सेट बैक (अग्रभाग) छोड़ना होगा।
150 से 300 वर्ग मीटर से कम: भवन के आगे 3 मीटर और पिछले भाग (रियर सेट बैक) में 1.5 मीटर जगह छोड़नी होगी।
300 से 500 वर्ग मीटर से कम: मकान के अगले हिस्से में 3 मीटर और पिछले हिस्से में भी 3 मीटर खाली जगह छोड़नी होगी।
व्यावसायिक भवनों हेतु नियम
कॉमर्शियल भूखंडों पर निर्माण के लिए नियम और भी कड़े हैं:
100 वर्ग मीटर से कम: भवन के आगे 1.5 मीटर का फ्रंट सेट बैक छोड़ना अनिवार्य है।
100 से 300 वर्ग मीटर से कम: अगले हिस्से में 3 मीटर और पिछले हिस्से में 1.5 मीटर जगह छोड़नी होगी।
300 से 1000 वर्ग मीटर से कम: भवन के चारों तरफ जगह छोड़नी होगी। इसमें फ्रंट सेट बैक 4.5 मीटर, रियर सेट बैक 3 मीटर और दोनों साइड में 1.5-1.5 मीटर जगह छोड़नी ही होगी।


No comments:
Post a Comment