ममता के गढ़ में अमित शाह ने भरी हुंकार
बोले- दीदी की विदाई तय, 15 दिन बंगाल में ही रहूंगा
कोलकाता (एजेंसी)।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ व गृह क्षेत्र कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुंकार भरते हुए कहा कि पूरा बंगाल ममता की विदाई करने के लिए तैयार है।
भवानीपुर से ममता के खिलाफ भाजपा की तरफ से चुनावी मैदान में उतरे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले सीएम के घर से कुछ दूरी पर स्थित हाजरा मोड़ से शुरू हुए रोड शो से पूर्व लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भ्रष्ट टीएससी सरकार की विदाई तय है। पांच मई को भाजपा सरकार बनेगी।
पूरे बंगाल में परिवर्तन हो जाएगा
शाह ने अपने अंदाज में कहा कि भवानीपुर वालों पूरे बंगाल में परिवर्तन करना अब आपके हाथ में है। मेरे पास एक शॉर्टकट है, अगर भवानीपुर वाले एक ही सीट जीता दे तो पूरे बंगाल में अपने आप परिवर्तन हो जाएगा।
शाह ने कहा कि ममता बनर्जी पिछली बार 2021 में बंगाल में सरकार तो बना पाई थीं लेकिन नंदीग्राम में वह सुवेंदु अधिकारी के सामने चुनाव हार गई थी। इस बार ममता बनर्जी पूरे बंगाल में भी हारेंगी और भवानीपुर में भी हारेंगी।
शाह ने यह भी कहा कि इस बार चुनाव के दौरान मैं 15 दिन बंगाल में रहूंगा। शाह के नेतृत्व में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विशाल रोड शो दोपहर 12 बजे शुरू हुआ, जो करीब दो किलोमीटर दूर सर्वे बिल्डिंग के पास समाप्त होगा। जहां शाह की उपस्थिति में सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।


No comments:
Post a Comment