परीक्षा देने आए छात्र को परीक्षा देने से रोका 

प्रबंधन ने किया ब्लैकलिस्ट होने का दावा- छात्रों  ने भेदभाव का आरोप लगाया

 मेरठ।  सीसीएसयू  के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सोमवार को एम.ए.जेएमसी (द्वितीय वर्ष) के छात्र अक्षय बैंसला को आंतरिक परीक्षा देने से रोक दिया गया।

छात्र का आरोप है कि उसने अपनी पूरी फीस जमा कर दी थी और उसका एडमिट कार्ड भी जारी हो चुका था, इसके बावजूद विभाग ने ब्लैकलिस्ट सूची में नाम होने का हवाला देते हुए उसे परीक्षा में बैठने से वंचित कर दिया।

इस फैसले से नाराज छात्रों में आक्रोश फैल गया। विभाग के अन्य कुछ छात्रों ने भी परीक्षा का बहिष्कार करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक अक्षय बैंसला को परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी, तब तक कोई भी छात्र परीक्षा नहीं देगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय शिक्षकों ने हस्तक्षेप किया और छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद विश्वविद्यालय की कुलपति और चीफ प्रॉक्टर से बातचीत की गई। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि अक्षय बैंसला की परीक्षा पुनः आयोजित कराई जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया, जिसके बाद विभाग में निर्धारित परीक्षा संपन्न कराई गई।

वहीं, छात्र अक्षय बैंसला ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छात्र राजनीति में सक्रिय रहने और छात्र हितों की आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे मानसिक उत्पीड़न बताते हुए न्याय की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts