अंबेडकर जयंती पर महावीर विवि बना विचारों का मंच, छात्रों ने किया प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण

 मेरठ। महावीर विवि में अंबेडकर जयंती के अवसर पर “डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन एवं योगदान” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन किया तथा डॉ. बी.आर. अंबेडकर के विचारों की गहन व्याख्या प्रस्तुत की।

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय कुलगीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को प्रेरणादायक और गरिमामय बना दिया। इस अवसर पर आयुर्वेद, फार्मेसी, कृषि विज्ञान, पुस्तकालय विज्ञान, वाणिज्य एवं प्रबंधन, कंप्यूटर अनुप्रयोग, अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी, विज्ञान, शिक्षा, कला एवं मानविकी, विधि, नर्सिंग तथा प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

प्रतियोगिता में प्रियांशी (बी.ए. एलएलबी द्वितीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पूजा मलिक (बीएमएस) ने द्वितीय स्थान और दीपांशी (बी.ए. एलएलबी प्रथम वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, स्पष्ट अभिव्यक्ति और प्रभावशाली प्रस्तुति की सराहना की। विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित सहित सभी संकायों के अधिष्ठाता (डीन), विभागाध्यक्ष (एचओडी), शिक्षकगण एवं विश्वविद्यालय का समस्त प्रशासनिक एवं अकादमिक स्टाफ उपस्थित रहा और कार्यक्रम की सफलता में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ, जिससे उपस्थित सभी लोगों में एकता, देशभक्ति और गर्व की भावना जागृत हुई।यह आयोजन विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts