सीसीएसयू से पढ़ने वाली हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका का निधन
50 से ज्यादा गानों में काम किया, सोशल मीडिया पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स
मेरठ। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बी.कॉम करने वाली हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का मंगलवार देर रात अचानक निधन हो गया। गाजियाबाद स्थित उनके घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ीं।गिरने से उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोट आई और खून बहने लगा। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की है। दिव्यांका घर पर ही थीं, तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और वह फर्श पर गिर गईं। छोटे भाई दीपांशु जब तक उनके पास पहुंचे, तब तक उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था।दिव्यांका सिरोही का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था। उन्होंने मेरठ के चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बी.कॉम, इसके बाद सिक्किम से एमबीए और गुरुग्राम से बी.एड की पढ़ाई की थी। परिवार में पिता गजेंद्र ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मां अनीता गृहिणी हैं। उनके दो भाई हिमांशु और दीपांशु तथा एक बहन जसमीत हैं।दिव्यांका ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई थी। वह 50 से ज्यादा गानों में नजर आ चुकी थीं और मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया व केडी जैसे कलाकारों के साथ काम कर चुकी थीं।सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी, उनके इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। हरियाणवी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने दिव्यांका के निधन पर शोक व्यक्त किया है।


No comments:
Post a Comment