मेडिकल कालेज में खुलेगा एम्स का आउटरीच सेंटर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श, डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी
राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी ने तीन साल के कार्यकाल को लेकर पत्रकारों से की वार्ता
बोले, मेरठ मेडिकल कालेज में डायलिसिस मशीन कराई उपलब्ध, निधि से अयोध्या व वृंदावन में देंगे ई-कार्ट
मेरठ । शनिवार को राज्य सभा सांसद डा. लक्ष्मी कांत वाजपेयी ने तीन सालों के किए गये कार्यो को लेकर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कालेज में जल्द ही दिल्ली एम्स का आउटरीच सेंटर स्थापित होगा। इसमें प्रत्येक सप्ताह विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आएगी। उन्होंने अपने तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियों बताईं।
उन्होंने बताया कि अब तक के कार्यकाल में मेरठ समेत विभिन्न जिलों में एक अरब 11 करोड़ 93 लाख 44 हजार 597 रुपये के विकास कार्य कराए हैं। उनके प्रयास से ही नगर निगम में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। 45 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से यह कार्य किया जा रहा है।
मेरठ मेडिकल कालेज में डायलिसिस मशीन, विभिन्न जिलों में मेडिकल मोबाइल यूनिट, गर्भवती माताओं और टीबी मरीजों के लिए विशेष पोषण किट उपलब्ध कराए हैं। विद्या वाहिनी योजना के तहत छह बसें और चार एक्टिवा (स्कूटर) प्रदान किए गए हैं। मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ सहित कई जिलों में 1.92 करोड़ रुपये की लागत से हाई मास्ट लाइट के साथ ओपन जिम स्थापित किए गए हैं।
जैननगर रेलवे रोड से बागपत मार्ग तक संपर्क मार्ग पूर्ण कराया। इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किया और रोड के लिए 26 करोड़ 14 लाख रुपये दिए। कंकरखेड़ा में मार्शल पिच पर 50 बेड के आयुष अस्पताल का निर्माण भी उन्हीं के प्रयास से हो रहा है। उसके लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। उनकी निधि से ही छतरी पीर से घंटाघर और महिला चिकित्सालय से टाउन हाल तक सड़क चौड़ीकरण के लिए लगभग 3.91 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
बताया कि उन्होंने 13 करोड़ 74 लाख 20 हजार रुपये के नए कार्यों के प्रस्ताव भी दिए हैं। इनमें अयोध्या-मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं के लिए ई-कार्ट, बलिया स्थित जय प्रकाश नारायण के गांव सिताबदियारा में विकास कार्य और मेरठ मेडिकल कालेज व कैंट जनरल अस्पताल के लिए वेंटिलेटर और डायलिसिस के प्रस्ताव शामिल हैं।


No comments:
Post a Comment