यमुना में स्टीमर डूबा, 8 पर्यटकों की मौत:वृंदावन में हादसा,
10 से ज्यादा लोग लापता; सभी पंजाब के रहने वाले
मथुरा । मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। हादसे में 8 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। इनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। इसकी पुष्टि मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने की है। स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ मौके पर रेस्क्यू चला रही है। 50 लोकल गोताखोर भी रेस्क्यू में जुटे हैं। गोताखोर गुलाब ने बताया- करीब 15 लोगों को बाहर निकाल लिया है।पर्यटक मनोहर लाल ने बताया- हम सभी पंजाब के जगरांवा से आए हैं। तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में स्टीमर अचानक तेज हवा से डगमगाने लगा। स्पीड भी बढ़ गई। तभी स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया।
गोताखोर गुलाब ने बताया- मैं घर पर था, जब ये हादसा हुआ। मुझे सूचना मिली थी कि एक स्टीमर डूब गया है। करीब 30 लोग स्टीमर में थे। करीब 15 लोगों को बाहर निकाल लिया है। जिसमें 4 से 5 लोगों की हालत बहुत ही खराब थी। कम से कम 50 गोताखोर लगे हुए हैं। हम लोग लगातार लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
पंजाब से आए मनोहर लाल ने बताया- हम लोग जगराओं (लुधियाना) से आए हैं। टूरिस्ट बस से आए थे। तेज हवा से स्टीमर पीपा पुल से टकरा गया। इस वजह से स्टीमर यमुना में पलट गया।
महिला ने रोते हुए कहा- स्टीमर पलट गई
एक महिला ने बताया- हम लोगों का 120 लोगों का ग्रुप पंजाब से आया था। स्टीमर पलट गई है। कई लोग डूब गए हैं। कुछ लोगों को निकाला गया है।
भीड़ के चलते रेस्क्यू में दिक्कत, प्रशासन लोगों से अपील कर रहा
पुलिस और स्थानीय प्रशासन मिलकर रेस्क्यू अभियान चला रहा है। गोताखोर यमुना के गहरे पानी में डूबे हुए लोगों की तलाश में जुटे हैं। मौके पर डीएम, एसपी पहुंच गए हैं।
दुर्घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिससे बचाव कार्य में थोड़ी बाधा आ रही है। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और बचाव दल का सहयोग करने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


No comments:
Post a Comment