नालंदा भगदड़ में मंदिर के पुजारी समेत 4 गिरफ्तार
- भीड़ प्रबंधन में लापरवाही में 40 पर केस दर्ज
नालंदा (एजेंसी)।नालंदा के शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में एक पंडा सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर भीड़ प्रबंधन में लापरवाही और अव्यवस्था फैलाने का आरोप है। इस मामले में कुल 40 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें 20 नामजद और 20 अज्ञात आरोपी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठने लगे थे। अब मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह हादसा मंगलवार को मंदिर परिसर में भारी भीड़ के कारण हुआ था। अचानक मची भगदड़ में कई लोग घायल भी हुए थे। भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। यह घटना भीड़ प्रबंधन की बड़ी चुनौती को उजागर करती है।


No comments:
Post a Comment