सेंसेक्स 2600 अंक चढ़कर 77,200 पर कारोबार कर रहा
निफ्टी भी 750 अंक ऊपर; ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी
मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के सीजफायर के ऐलान के बाद आज यानी बुधवार 8 अप्रैल को शेयर बाजार में तेजी है। सेंसेक्स 2600 अंक (3.50%) चढ़कर 77,200 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 750 अंक (3.24%) ऊपर है, ये 23,900 पर पहुंच गया है।
आज ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में ज्यादा खरीदारी है। निफ्टी का ऑटो और रियल्टी इंडेक्स करीब 5% ऊपर है। सरकारी बैंकों के इंडेक्स और मेटल इंडेक्स में भी 3% से ज्यादा तेजी है। FMCG और ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2% से ज्यादा ऊपर कारोबार कर रहे हैं।
2 हफ्ते का सीजफायर बाजार में तेजी की वजह
अमेरिका और ईरान के बीच 40 दिन से जारी जंग पर 2 हफ्ते के लिए ब्रेक लग गया है। दोनों देशों ने पाकिस्तान-चीन की मध्यस्थता के बाद इस सीजफायर पर सहमति जताई है।समझौते के तहत अमेरिका, इजराइल और ईरान एक-दूसरे पर हमले रोकेंगे, साथ ही ईरानी सेना की मदद से होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी।इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को तबाह करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर होर्मुज स्ट्रेट से रास्ता नहीं मिला तो वह ईरान की पूरी सभ्यता खत्म कर देंगे।
एशियाई बाजार में भी तेजी
साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6.35% चढ़कर 5,843 पर पहुंच गया है।
जापान का निक्केई 5.12%% चढ़कर56,166 पर ट्रेड कर रहा है।
हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 2.85% चढ़कर 25,832 पर है।
चीन का शंघाई कंपोजिट 1.92% बढ़कर 3,964 पर पहुंच गया है।

No comments:
Post a Comment