पीएम मोदी ने वाराणसी में किया 14 किमी लंबा रोड शो

- काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
वाराणसी (एजेंसी)।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह वाराणसी में रोड शो किया, जिसे देखने के लिए सड़क पर भारी भीड़ उमड़ी।
पार्टी नेताओं ने बताया कि रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्लू) से शुरू हुआ और लहरतारा, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन से होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पर समाप्त हुआ। मंदिर में प्रधानमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किए। प्रार्थना पूरी करने के बाद स्थानीय प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें त्रिशूल, डमरू और पारंपरिक स्टोल भेंट किया।
प्रधानमंत्री ने इसे स्वीकार करते हुए उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। जैसे ही वह मंदिर परिसर से बाहर निकले, भक्तों ने ''हर हर महादेव'' के जयकारे लगाए और मोदी ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन दिया।
प्रधानमंत्री ने पूजा अर्चना के बाद 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''हर हर महादेव ! काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन का सौभाग्य मिला। यहां भगवान भोलेनाथ से समस्त देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की।'' उन्होंने कहा, ''मां अन्नपूर्णा एवं मां गंगा के दर्शन से असीम शांति मिली। उनकी कृपा से हर किसी में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। काशी की जनता को पुनः नमन।'' मोदी ने मंदिर के अंदर की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पोस्ट में साझा कीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts