मकान के तहखाने में चल रहा था हथियार बनाने का कारखाना, 11 गिरफ्तार

-पुलिस को गच्चा देने के लिए डबल बेड के नीचे बना रखा था रास्ता

-पकड़े गए आरोपियों में दूसरे जिलों के खरीदार भी शामिल, दस फरार 

 मेरठ। मकान में बने तहखाने में चल रहे हथियार बनाने के कारखाने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हथियार बनाने और खरीदने वाले शामिल है। पुलिस को गच्चा देने के लिए आरोपियों ने बेडरूम के नीचे से तहखाने का रास्ता  बना रखा था। अभी दस आरोपी फरार है, उनकी  गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस को मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने हथियार और हथियार बनाने के उपकरण मिले हैं। 

पुलिस लाइन सभागार में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया, स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश गौड़ को सूचना मिली थी कि  लोहिया नगर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव में एक मकान में हथियार बनाने का कारखाना चल रहा है। सूचना के आधार पर स्वाट टीम पूरे मामले की जांच में लग गई थी। पूरे मामले की तहकीकात करने के बाद पुलिस ने चिन्हित मकान में दबिश दी तो पुलिस को वहां सब कुछ सामान्य मिले। इसके बाद  स्वाट टीम ने  लिसाड़ी गेट थाना अंतर्गत इस्लामाबाद तंबाकू गोदाम वाली गली निवासी असलम को दबोचा। उसने पूछताछ में बताया, वह उमर निवासी खतौली, उमर के साले इरफान निवासी मुरादाबाद, नदीम निवासी अल्लीपुर गांव और रहीमुद्दीन निवासी अल्लीपुर के साथ हथियार बनाने का काम करते है, इसका सरगना रहीमुद्दीन है। उसी के कहने पर हम पिस्टल बनाने का काम करते हैं। रहीमुद्दीन ही कच्चा माल अलग-अलग दुकानों से खरीद कर लाता है। एसएसपी ने बताया, स्वाट टीम को सूचना मिली थी कि रविवार को कुछ लोग हथियार खरीदने के लिए अल्लीपुर आने वाले है। सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश गौड़, सर्विलांस प्रभारी मुनेश बाबू और लोहिया नगर थाना प्रभारी सुमित तोमर ने टीम बनाकर अल्लीपुर में दबिश देकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए तहखाने में चल रही फैक्ट्री का रास्ता बेडरूम के नीचे से बना रखा था। पुलिस को वहां से भारी मात्रा में बनी-अध बनी पिस्टल और पिस्टल बनाने के औजार मिले। एसएसपी ने बताया, पकड़े गए आरोपियों में हथियार बनाने और खरीदने वाले शामिल है। उन्होंने पकड़े गए आरोपियों के नाम असलम इस्लामाबाद,अलाउद्दीन निवासी समर गार्डन, अनस  निवासी बसेड़ा गांव थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर, शक्ति  निवासी लदवाड़ी गांव थाना बागपत, जिला बागपत, मुनीर व आरिश निवासीगण समर गार्डन, शिवा शर्मा निवासी नीलकंठ टीपीनगर, गुड्डू सैनी निवासी इन्द्रानगर प्रथम, ब्रह्मपुरी, वरुण दुबे उर्फ मन्नू  निवासी ध्यानचंद नगर, थाना ब्रह्मपुरी, राजन निवासी दया शंकर कालोनी ब्रहमपुरी व रजत शर्मा निवासी रिठानी परतापुर बताया है। अभी 11 आरोपी फरार है, उनकी तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts