शास्त्रीनगर में डिलीशियस बेकर्स के मालिक को गोली मारी
पेटीज खाने आए युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के एफ ब्लॉक में पेटीज के विवाद में दो आरोपियों ने दुकानदार राहुल को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को मेडिकल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शास्त्रीनगर एफ ब्लॉक में राहुल की डिलीशियस बेकर्स के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर वह दुकान पर मौजूद था। इसी बीच दो युवक पेटीज खाने के लिए पहुंचे। पेटीज खाने के दौरान उनकी दुकानदार राहुल से कहासुनी हो गई। आरोपियों ने दुकानदार के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया।
आरोप है कि युवकों ने राहुल को गोली मार दी। गोली लगने से पीड़ित लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment