होलिका दहन पर NHAI का पुतला जलाया

गढ़ रोड की बदहाली पर लोगों ने जताया विरोध

 मेरठ।गढ़ रोड की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। होलिका दहन के अवसर पर सोमवार रात को लोगों ने सड़कों की खस्ता स्थिति के लिए जिम्मेदार नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान 'एनएचएआई शर्म करो' के नारे लगाए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गढ़ रोड पर लंबे समय से गड्ढों, जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या बनी हुई है। आए दिन वाहन फंसने, जाम लगने और हादसों की आशंका से लोग परेशान हैं। कई बार शिकायतें करने और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद स्थिति में सुधार न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

होलिका दहन के अवसर पर एकत्रित हुए लोगों ने इस बार अपनी नाराजगी अनोखे अंदाज में जाहिर की। होलिका की अग्नि में NHAI का प्रतीकात्मक दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, और वे सड़क की बदहाली जैसी समस्या को भी समाप्त होते देखना चाहते हैं।इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर लोगों को नारेबाजी करते और गढ़ रोड की स्थिति पर रोष व्यक्त करते देखा जा सकता है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गढ़ रोड की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

मेरठ की प्रमुख सड़कों में शामिल गढ़ रोड की स्थिति अब शहर की साख पर भी सवाल खड़े कर रही है। देखना होगा कि वायरल वीडियो और जनआक्रोश के बाद NHAI प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts