हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पांच की मौत

बस और ट्रक की आमने-सामने हुई भिड़ंत
हनुमानगढ़ (एजेंसी)।राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से आज सुबह एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। रावतसर क्षेत्र के पास मेगा हाईवे पर एक निजी बस और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे रावतसर क्षेत्र के बरमसर के पास घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बस और ट्रक की सीधी टक्कर हुई, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष गोदारा और थाना प्रभारी ईश्वरानन्द पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल में भर्ती घायलों में से 5 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल (हनुमानगढ़) रेफर कर दिया गया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम संजय कुमार और नितेश मोची ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को उचित उपचार के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
दुर्घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर यातायात को सुचारू करने के लिए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर दुख जताते हुए लिखा-हनुमानगढ़ के रावतसर क्षेत्र में बरमसर के पास मेगा हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 5 व्यक्तियों की मृत्यु होना बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts