ईद की तैयारियों के संबंध में डीएम व एसएसपी ने कमेटी सदस्यों के साथ की बैठक
मेरठ। ईद पर्व की तैयारियों के संबंध में आज ईदगाह, देहली रोड पर जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर काजी, धर्मगुरुओं, ईदगाह कमेटी के सदस्यों तथा प्रबुद्धजनों ने भाग लेते हुए ईद के दृष्टिगत स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं संभावित समस्याओं से अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईद का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और सद्भाव का प्रतीक है तथा इसे शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे भी अपने स्तर पर लोगों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं।
बैठक के दौरान प्रबुद्धजनों द्वारा जनपद की ईदगाहों एवं मस्जिदों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सड़कों की मरम्मत, यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव दिए गए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने कहा कि ईद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा तथा पूर्व की भांति सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए जाएंगे। बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने समस्त जनपदवासियों से आपसी सौहार्द और शांति के साथ ईद मनाने की अपील करते हुए सभी को ईद की हार्दिक मुबारकबाद दी।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शहर काजी, धर्मगुरु तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment