‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज, साई पल्लवी–जुनैद खान की खूबसूरत केमिस्ट्री
मुंबई। हफ्तों के बढ़ते इंतजार के बाद, आमिर खान प्रोडक्शंस ने आखिरकार फिल्म ‘एक दिन’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसमें साई पल्लवी और जुनैद खान लीड रोल में नजर आ रहे हैं।
ट्रेलर की शुरुआत बहुत ही सुकून भरी और दिल को छू लेने वाली दुनिया से होती है, जो दर्शकों को एक जादुई और क्लासिक प्रेम कहानी की झलक देती है। ट्रेलर में जुनैद खान एक ‘फॉर्च्यून बेल’ (किस्मत की घंटी) के बारे में बताते दिख रहे हैं, जिसे बजाने पर सच्चे प्यार की मुराद पूरी होती है। जब वह यह बात कह रहे होते हैं, तब वह साई पल्लवी के किरदार ‘मीरा’ की तरफ देखते हैं और मन ही मन दुआ करते हैं कि काश वो उनकी हो जाए। वह कहते हैं कि वह चाहते हैं कि उनकी यह ख्वाहिश पूरी हो, भले ही सिर्फ एक दिन के लिए। ट्रेलर में जुनैद और साई पल्लवी के बीच की प्यारी केमिस्ट्री देखने को मिलती है, जो एक इमोशनल और दिल को छू लेने वाली लव स्टोरी का इशारा दे रही है।
स्क्रीन पर ये दोनों साथ में बहुत ही फ्रेश और एक्साइटिंग लग रहे हैं, और उनके बीच का सहज अंदाज हर सीन में एक जादू सा पैदा कर रहा है। यह एक ऐसी केमिस्ट्री है जिसे शब्दों में बताना मुश्किल है, लेकिन देखते वक्त इसे बखूबी महसूस किया जा सकता है।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म ‘एक दिन’ में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसके प्रोड्यूसर्स आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित हैं। यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।


No comments:
Post a Comment