देशहित सर्वोपरि, इसके लिए किसी भी प्रकार का त्याग छोटा नहीं होता : प्रोफेसर संगीता शुक्ला
मेरठ। शहीद दिवस के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का भारत की स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आज़ादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों ने हमें यह सिखाया कि देशहित सर्वोपरि है और इसके लिए किसी भी प्रकार का त्याग छोटा नहीं होता।
कुलपति ने कहा कि आज के युवाओं को शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, निष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सके।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, प्रोफेसर मृदुल कुमार गुप्ता, प्रोफेसर बीरपाल सिंह, प्रोफेसर राकेश कुमार शर्मा, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता, समन्वयक प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा, प्रोफेसर विग्नेश कुमार त्यागी, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. कुलदीप कुमार त्यागी, डॉ. वैशाली पाटिल, डॉ. धर्मेंद्र कुमार तथा प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment