अब शनिवार को मनाई जाएगी ईद
- शहर काजी की अध्यक्षता में आयोजित हुई रुइत ए हिलाल कमेटी की बैठक
मेरठ। गुरुवार को ईद का चांद नज़र नहीं आया। इसके चलते अब ईद शनिवार को मनाई जाएगी। उधर गुरुवार को सऊदी अरब में चांद का दीदार हो गया। वहां शुक्रवार (आज) ईद मनाई जाएगी। इसके अलावा यहां आज जुमा अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। गुरुवार शाम मगरिब की नमाज के बाद गुजरी बाजार स्थित ऊंची मस्जिद में पहले रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन हुआ और उसके बाद मगरिब की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद रुईत ए हिलाल (चांद कमेटी) बैठी और चांद की स्थिति पर मंथन किया। बैठक की अध्यक्षता शहर काजी जैनुल सालिकीन ने की। हालांकि पूरे दिन आसमान पर बादलों का डेरा रहा। शाम तक बारिश का दौर भी रुक-रुक कर चलता रहा, जिस कारण आसमान पर चांद नज़र नहीं आया। इसके बाद शहर काजी व अन्य उलमा ने जमीयत उलेमा ए हिंद के केंद्रीय कार्यालय से लेकर देवबंद, दिल्ली, लखनऊ, पटना और कोलकाता सहित विभिन्न स्थानों पर फोन से संपर्क साधा। कहीं से भी चांद दिखाई देने की शहादत (गवाही) नहीं मिली। इसी आधार पर शहर काजी जैनुल सालिकीन ने शनिवार को ईद का पर्व मनाने की घोषणा की। बैठक में जमीयत उलेमा ए हिंद के पूर्व महामंत्री कारी सलमान कासमी, पूर्व कोषाध्यक्ष हाजी शीराज रहमान, हाजी इमरान सिद्दीकी, साबिर खान और नायब शहर काजी जैनुल राशेदीन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।उधर शुक्रवार आज एक बार फिर जुमा अलविदा की नमाज अदा की जाएगी।


No comments:
Post a Comment