आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग
शुभम स्मैशर्स ने हासिल की तीसरी जीत
- रोमांचक मैच में बीबीसी एलाइट को 4 विकेट से पराजित किया
- मैन ऑफ द मैच सक्षम राय (शुभम स्मैशर्स) ने 35 गेंद पर 44 रन बनाए, एक विकेट लिया
- पिछले मैच के शतकवीर ईशु शर्मा (बीबीसी एलाइट) ने 60 गेंद पर नाबाद 97 रन बनाए
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर शनिवार को दूसरा मैच शाम 6 बजे से शुभम स्मैशर्स और बीबीसी एलाइट के बीच खेला गया। शुभम स्मैशर्स ने इससे पहले खेले गए 3 मैचों में से 2 मैच में जीत हासिल की थी और एक मैच का रिजल्ट नहीं निकला था। इस प्रकार शुभम स्मैशर्स प्वाईंट टेबल में 5 अंक हासिल कर पहले नंबर पर बनी हुई थी। बीबीसी एलाइट इससे पहले खेले गए दोनों ही मैच जीत कर प्वाईंट टेबल 4 अंक हासिल कर दूसरे नंबर पर थी। ऐसे में दर्शकों को पूरी उम्मीद थी की यह मुकाबला बेहद रोमांचक होगा।
टॉस जीतकर शुभम स्मैशर्स ने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। बीबीसी एलाइट के सलामी बल्लेबाज ईशु शर्मा और राघव चोपड़ा ने पारी की शुरूआत की। मगर पारी के दूसरे ही ओवर में राघव चोपड़ा (7 रन) कॉट एंड बोल्ड हो गए जब वह प्रशांत राणा को उन्हीं की गेंद पर कैच दे बैठे। पिछले मैच के शतकवीर ईशु शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों को परेशानी में डाले रखा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए लक्ष्य राठी अच्छी लय में दिख रहे थे मगर अश्विन मावी की गेंद को समझने में चूक गए और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्लू करार दिया। लक्ष्य राठी ने 14 गेंद पर 22 रन बनाए। नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान दिव्यांश राजपूत ने ईशु शर्मा को स्ट्राइक देना जारी रखा और ईशु शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन 95 रन के टीम स्कोर पर 12वां ओवर फेंक रहे लेफ्ट आर्म स्पिनर सक्षम राय ने पहली ही गेंद पर दिव्यांश राजपूत (8 रन) को कॉट एंड बोल्ड कर वापस पवेलियन भेज दिया। लेकिन ईशु शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्जुन त्यागी के साथ मिलकर टीम स्कोर को गतिमान बनाए रखा। ईशु शर्मा की बल्लेबाजी देखते हुए लग रहा था की वह पिछले मैच की तरह इस मैच में भी शतक ठोक कर ही दम लेंगे। लेकिन ईशु शर्मा 3 रन से शतक बनाने से चूक गए। ईशु शर्मा ने 12 चौके और 3 छक्के मारकर 60 गेंद पर नाबाद 97 रन बनाए। अर्जुन त्यागी ने भी बखूबी साथ निभाते हुए 4 चौके और 2 छक्के के साथ 28 गेंद पर नाबाद 43 रन बनाए। बीबीसी एलाइट ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 182 रन बनाए। शुभम स्मैशर्स के गेंदबाज प्रशांत राणा, सक्षम राय और अश्विन मावी ने एक-एक विकेट लिया।
शुभम स्मैशर्स के सलामी बल्लेबाज प्रियम गर्ग और काव्य तेवतिया (3 रन) ने पारी की शुरूआत की। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए कप्तान प्रियम गर्ग ने सिर्फ 11 गेंद पर 35 रन बना डाले। काव्य तेवतिया ने भी बड़ा शॉट मारने का प्रयास किया लेकिन वह सुनील कुमार की गेंद पर अर्जुन त्यागी को कैच दे बैठे। पहले 3 ओवर में 41 रन बनाकर शुभम स्मैशर्स ने तेज शुरूआत की। लेकिन चौथे ओवर में विनायक वत्स गेंदबाज ज्ञानेश शर्मा की गेंद की लाइन में आने से चूक गए और हवा में गए उनके शॉट को मिडऑन पर खड़े अर्जुन त्यागी ने कैच में तब्दील कर दिया। प्रियम गर्ग भी र्धर्य बरकरार नहीं रख पाए और सुनील कुमार की गेंद को हवा में उछाल बैठे और हर्षवर्धन ने उनका कीमती कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। कप्तान प्रियम गर्ग ने 5 चौके और 3 छक्के मारते हुए 16 गेंद पर 41 रन बनाए। शानदार शुरूआत के बाद 48 रन पर तीन विकेट खोकर शुभम स्मैशर्स को बड़ी साझेदारी की आवश्यकता थी। बादल सिंह बालियान और सक्षम राय ने स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया। पावर प्ले के 6 ओवर में 3 विकेट खोकर 60 रन बनाने वाली शुभम स्मैशर्स मैच में बनी हुई थी।
पारी का 10वां ओवर फेंक रहे राघव चोपड़ा के ओवर में दो छक्के मारकर बादल सिंह बालियान ने टीम के हौंसले बुलंद कर दिए। यहां से शुभम स्मैशर्स को जीत के लिए बचे हुए 10 ओवर में 78 रन चाहिए थे। बादल सिंह बालियान और सक्षम राय के बीच हुई साझेदारी ने शुभम स्मैशर्स के विजय रथ को चलायमान रखने के संकेत देने शुरू कर दिए थे। लेकिन ज्ञानेश शर्मा ने इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा और बादल सिंह बालियान को एक राइज होती गेंद पर फाइन लेग पर खड़े सुनील कुमार के हाथों कैच आउट करा दिया। बादल सिंह बालियान ने 2 चौके और 3 छक्के के साथ 30 गेंद पर 45 रन बनाए। इसी ओवर में ज्ञानेश शर्मा ने स्थापित बल्लेबाज सक्षम राय को क्लीन बोल्ड कर दिया। सक्षम राय ने 1 चौके और 3 छक्के के साथ 35 गेंद पर 44 रन बनाए। मैच ने फिर करवट बदली एकतरफा जीत की ओर जा रही शुभम स्मैशर्स की टीम ज्ञानेश शर्मा के करिश्माई ओवर की बदौलत अब संकट में दिखने लगी थी।
अब शुभम स्मैशर्स की उम्मीद काव्यांश अहलावत और सन्नी भाटी पर जाकर टिक गयी थीं। अंतिम 12 गेंद पर जीत के लिए 18 रन चाहिए थे। लेकिन 19वां ओवर फेंकने आए सुनील कुमार ने पहली ही गेंद पर काव्यांश अहलावत (13 गेंद पर 13 रन) को देश दीपक चौहान के हाथ कैच करा कर मैच को रोमांचक बना दिया। इंपैक्ट प्लेयर मोहम्मद अबरार ने आते ही पहली गेंद पर चौका जड़कर उम्मीद जगाई।
अंतिम 6 गेंद पर शुभम स्मैशर्स को जीत के लिए 10 रन चाहिए। 20वां ओवर फेंकने आए ज्ञानेश शर्मा की पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया। दूसरी गेंद पर सन्नी भाटी ने चौका मारकर उम्मीद बढ़ा दी। अब शुभम स्मैशर्स को जीत के लिए 4 गेंद पर 6 रन चाहिए थे और सन्नी भाटी ने शानदार छक्का मारकर शुभम स्मैशर्स को 4 विकेट से शानदार जीत दिला दी। शुभम स्मैशर्स ने 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। सन्नी भाटी ने 3 चौके और 1 छक्के के साथ 12 गेंद पर नाबाद 23 रन बनाए। इंपैक्ट प्लेयर मोहम्मद अबरार 8 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग में शुभम स्मैशर्स ने तीसरी जीत हासिल कर प्वाईंट टेबल में वर्चस्व बनाए रखा। बीबीसी एलाइट के गेंदबाज सुनील कुमार और ज्ञानेश शर्मा ने 3-3 विकेट लिए।


No comments:
Post a Comment