राशन डीलर की मनमानी का विरोध करने पर महिला से मारपीट और लूट

मेरठ। जिले में राशन वितरण में धांधली और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के समर गार्डन इलाके में एक महिला ने राशन एजेंसी के कर्मचारी पर 'ब्लैक' में राशन बेचने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि जब उसने इस भ्रष्टाचार का विरोध किया, तो उसके साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि उसके गहने भी लूट लिए गए।

एसएसपी मेरठ को सौंपे गए शिकायती पत्र में पीड़िता रुबीना पत्नी इकरामउद्दीन ने बताया कि 15 मार्च 2026 को वह आयशा मस्जिद के पास स्थित राशन एजेंसी पर राशन लेने गई थी। आरोप है कि वहां तैनात कर्मचारी खुलेआम राशन की कालाबाजारी कर रहा था। रुबीना ने जब इसका विरोध किया, तो वसीम, मुरसलीन और उनके साथ मौजूद आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों ने उसे गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और बेल्ट से रुबीना और उसके पति पर जानलेवा हमला कर दिया।

गहने लूटे और जान से मारने की धमकी

पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसके कान के सोने के कुंडल और सोने की लौंग भी छीन ली। शोर सुनकर जब पड़ोस में रहने वाला अहद नाम का युवक उन्हें बचाने आया, तो आरोपियों ने उसे भी ईंटों और बेल्ट से बुरी तरह पीटा। रुबीना का कहना है कि आरोपी उन्हें जान से मारने की नियत से पीछे दौड़े और किसी तरह उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। जाते-जाते दबंगों ने उन्हें भविष्य में मौका मिलने पर जान से मारने और घर से उठाकर ले जाने की धमकी भी दी।

पुलिस पर उल्टा कार्रवाई का आरोप

शिकायती पत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। रुबीना के अनुसार, घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टे उसके पति को ही उठाकर थाने ले गई। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने मौके की वीडियो भी बनाई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कानूनी कदम नहीं उठाया गया है।

न्याय की मांग

पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाते हुए थाना लिसाड़ी गेट पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आदेश देने की प्रार्थना की है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में राशन डीलरों की मनमानी और पुलिस के ढुलमुल रवैये को लेकर काफी रोष है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts