चंचल खटाना संघर्ष, सफलता और प्रेरणा की गौरवशाली कहानी
बचपन में पिता को खोने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत
मेरठ। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हसनपुर की चंचल खटाना की प्रेरणादायक यात्रा उन महिलाओं के लिए मिसाल है जो बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती हैं।
गंढ रोड स्थित हसनपुर कालान गांव की वर्तमान में वसुंधरा में रह रही चंचल खटाना शुरूआत से मेधावी छात्रा रही। रछौती के जेएनएम इंटर काॅलेज से इंटर करने के बाद फैज -ए- आम से डिग्री प्राप्त करने के बाद नोएडा के एमिटी विवि से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। चंचल खटाना के जीवन में बहुत कम उम्र में पिता के निधन के कारण कठिन परिस्थितियां आईं। उन्होंने परिवार में पिता की भूमिका निभाते हुए नौकरी के साथ-साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी।
अपने करियर की शुरुआत बैंकिंग क्षेत्र से करते हुए उन्होंने यूनिवर्सल बैंकिंग ऑफिसर के रूप में कार्य किया। प्रतिभा और व्यक्तित्व के दम पर उन्होंने साल 2008 में मिस दिल्ली प्रतियोगिता में भाग लिया और यह प्रतिष्ठित खिताब जीतकर अपनी पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
इसके बाद चंचल खटाना ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन में केबिन मैनेजर के पद पर लगभग 14 वर्षों तक कार्य किया, जहां उन्हें दुनिया के विभिन्न देशों की यात्रा करने और विविध संस्कृतियों को समझने का अवसर मिला, जिसने उनके दृष्टिकोण को और व्यापक बनाया। बाद में उन्होंने एविएशन क्षेत्र से इस्तीफा देकर अभिनय की दुनिया में करियर की नई शुरुआत की। वह कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स के विज्ञापनों और वेब सीरीज़ में काम कर चुकी हैं तथा फिल्म JNU में महालक्ष्मी डीन की अहम भूमिका निभाकर अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। आने वाले समय में उन्हें कई नई फिल्मों, वेब सीरीज़ और रचनात्मक परियोजनाओं में देखा जाएगा।
सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने और महिलाओं को प्रेरित करने के लिए चंचल खटाना को मंत्री बेबी रानी मौर्य द्वारा इंस्पायरिंग वूमैन के सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मिसेज.इंडिया प्राईड ऑफ नेशनल 2024 में उन्हें क्राउन से नवाज़ा गया, जो उनकी उपलब्धियों और योगदान को रेखांकित करता है।आज चंचल खटाना एक मां और पत्नी होने के साथ-साथ अपनी स्वतंत्र पहचान और आत्मनिर्भरता को भी महत्व देती हैं। वह अपने कार्यों और व्यक्तित्व से महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।युवतियों के लिए उनका संदेश है—
“जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखें। मेहनत, सच्चाई और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य पाया जा सकता है। अगर जुनून और निश्चय है, तो सफलता निश्चित है




No comments:
Post a Comment