सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों ने अखिलेश यादव से समाधान की लगाई गुहार
— लखनऊ में सरधना विधायक अतुल प्रधान के नेतृत्व में मिले व्यापारी
मेरठ। सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण कार्रवाई के समाधान की मांग करते हुए सरधना विधायक अतुल प्रधान, व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप जैन ने सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के साथ लखनऊ में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से मुलाकात की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को मास्टर प्लान में बदलाव करना चाहिए। 2027 में सपा सरकार बनने के बाद व्यापारियों की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के व्यापारी लंबे समय से ध्वस्तीकरण की समस्या से जूझ रहे हैं। हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट तक यह मामला गया लेकिन राहत नहीं मिली। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उसके बाद हम इन व्यापारियों के लिए इसका स्थायी समाधान निकालेंगे और व्यापारियों की मदद करेंगे। व्यापारी देश को चलाने में बहुत बड़ी कड़ी होता है। जिन लोगों ने लंबे समय तक मेहनत कर अपने प्रतिष्ठान वहां बनाए हैं, ऐसे में अगर उनके प्रतिष्ठान टूट जाएंगे तो वह सड़कों पर आ जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में लगातार जनप्रतिनिधियों के संपर्क में हैं तो दूसरी ओर व्यापारी भी ध्वस्तीकरण के आदेश को लेकर परेशान हैं और वे खुद ही अपने प्रतिष्ठान तोड़ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि जो आदेश आया है उसके अनुसार भी हमें सेटबैक के लिए आगे से अपने प्रतिष्ठान तोड़ने होंगे इसलिए वे यह कार्रवाई खुद ही कर रहे हैं। ध्वस्तीकरण को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है क्योंकि यह आदेश सुप्रीम कोर्ट का है, इसलिए कोई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी इस पर बोलकर अवमानना नहीं करना चाहता है। इसलिए अभी पूरा ध्वस्तीकरण का प्रकरण असमंजस में है।


No comments:
Post a Comment