राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया"
इंदौर। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इंदौर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भौतिकी विभाग एवं वनस्पति शास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में संयोजक डॉ. अनीता मुकाती ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को अनुसंधान एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी ने आधुनिक युग में विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे तीव्र परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए कहा कि वैज्ञानिक सोच ही प्रगति का आधार है।
मुख्य अतिथि डॉ. पी. के. दुबे ने विभिन्न रोचक वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन कर छात्राओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर बल दिया। अतिथि सूर्यप्रकाश जायसवाल ने भी छात्राओं को विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा वैज्ञानिक सोच को दैनिक जीवन में व्यवहारिक रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की थीम “विज्ञान में महिलाएँ : विकसित भारत की उत्प्रेरक” के अनुरूप महाविद्यालय में भारतीय महिला वैज्ञानिकों के योगदान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई।
लगभग 160 छात्राओं ने पोस्टर एवं मॉडल प्रस्तुति प्रतियोगिता में भाग लिया। छात्राओं ने नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, जैव प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास से संबंधित विविध वैज्ञानिक मॉडल एवं पोस्टर प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. नीलू मालवीय, डॉ. पूजा जैन एवं डॉ. पल्लवी गुप्ता द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में अमिता पाल, बबली जाटव, कल्पना राजक, कशिश जैन, वैदिका सोनी, सोनिया सिसोदिया, पायल सोनी, दामिनी चंदेकर, हफ्सा खान, शिरीन मंसूरी, करिश्मा बौरासी, राजश्री मालवीय, महिमा पंवार एवं पलक पंवार प्रमुख रहीं। विजेता छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रो. काजल मतवा द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन तथा प्रो. सोनम विश्वकर्मा द्वारा आभार व्यक्त किया गया।


No comments:
Post a Comment