सीसीएसयू में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर निशुल्क वैक्सीनेशन अभियान
- एसबीआई ने उपलब्ध कराईं 200 वैक्सीन
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, और स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी कल्याण देव चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निशुल्क वैक्सीनेशन अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा विश्वविद्यालय को 200 वैक्सीन डोज़ उपलब्ध कराई गईं, जिनके माध्यम से छात्राओं को टीकाकरण का लाभ दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर लेकिन रोकी जा सकने वाली बीमारी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी और समय पर जांच व टीकाकरण न कराने के कारण कई बार यह बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। यदि समय रहते इसका वैक्सीनेशन करा लिया जाए तो इस कैंसर से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने छात्राओं और महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना भी बेहद जरूरी है ।विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की ओर बढ़ सकें। प्रोफेसर शुक्ला ने इस पहल के लिए स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थानों के आपसी सहयोग से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण कार्य किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के डीजीएम प्रशांत कुमार बरियार ने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत समय-समय पर जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति का आधार होता है और सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी के प्रति जागरूकता और टीकाकरण के माध्यम से हजारों महिलाओं का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के साथ मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाना बैंक के लिए गर्व की बात है। इस पहल से छात्राओं और महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित होंगे।
स्वामी कल्याण देव चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार बंसल ने बताया कि इससे पहले भी विश्वविद्यालय द्वारा इस दिशा में विशेष प्रयास किए गए हैं और अब तक 400 से अधिक बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज़ लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर वीरपाल सिंह, प्रोफेसर बिंदु शर्मा, प्रोफेसर दुष्यंत चौहान, वैशाली पाटिल, डॉ. विवेक कुमार, मीडिया सेल सदस्य मितेंद्र कुमार गुप्ता, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर मुकेश कुमार अजमेरा, दीप्ति पुरी, डॉ. प्रमोद कुमार बंसल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment