दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एटीएमएस अपग्रेडेशन का काम शुरू

काशी टोल से डासना तक 15-20 मिनट रुक सकता है ट्रैफिक

 मेरठ। मेरठ के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एनएचएआई ने एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। काम के चलते काशी टोल प्लाजा से डासना के बीच अलग-अलग समय पर यातायात आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। कुछ स्थानों पर 15 से 20 मिनट तक ट्रैफिक पूरी तरह रोका भी जा सकता है।

कार्य ATMS रिफर्बिशमेंट प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ओवरस्पीड चालान सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा, नए हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे, सोलर पैनल स्थापित होंगे और नए साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही व्हीकल स्पीड डिटेक्शन सिस्टम (VSDS) और वेरिएबल मैसेज साइन (VMS) गैंट्री को सुरक्षित तरीके से इंस्टॉल किया जाएगा। प्रोजेक्ट से जुड़ी कंपनी क्यूब हाइवेज के सीनियर मैनेजर अनिल शर्मा के अनुसार डासना, रसूलपुर, भोजपुर और काशी के बीच गैंट्री स्थापना का कार्य चरणबद्ध तरीके से होगा। जिस स्थान पर इंस्टॉलेशन का काम चलेगा, वहां सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए यातायात रोका जाएगा।

कंपनी के आईटी मैनेजर चंद्र सोनी ने बताया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए काम किया जाएगा, ताकि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो। उन्होंने कहा कि गैंट्री और आधुनिक ट्रैफिक सिस्टम लगने के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम और दुर्घटनाओं पर बेहतर नियंत्रण संभव होगा। एनएचएआई ने सुबह और शाम के पीक ऑवर में यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्राधिकरण ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं और कार्यस्थल के पास गति सीमित रखें।




No comments:

Post a Comment

Popular Posts