जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्य एवं जनशिकायत से संबंधित प्रेषित पत्रों का समय में किया जाये निस्तारण- सभापति

अवैध कालोनी निर्माण एवं प्लॉटिंग पर विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाये कार्यवाही

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति द्वारा जनपद मेरठ, बागपत व हापुड के अधिकारियो के साथ की गई बैठक

   मेरठ।  विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति के सभापति हरि ओम पाण्डेय की अध्यक्षता में जनपद मेरठ, बागपत व हापुड के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। जिलाधिकारी महोदय व एसएसपी द्वारा सभापति सहित समिति के सदस्यो को स्मृति चिन्ह, शॉल ओढाकर व पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। 

 सभापति ने जनपद मेरठ, बागपत व हापुड के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विगत तीन वर्षों में सदस्य विधान परिषद व  सदस्य विधान सभा से प्राप्त होने वाले पत्रो का विभागीय रजिस्टर एवं कार्यवाही,  सदस्य विधान परिषद/विधान सभा के विकास निधि से होने वाले कार्यों को प्रारंभ करने की प्रक्रिया तथा पूर्ण करने की समयसीमा, विगत तीन वर्षों में विधायक निधि से कराये गये कार्य, एक जिला एक उत्पाद के संबंध में लक्ष्य व प्रगति, विगत तीन वर्षों में विधान परिषद की समितियो की बैठक और उनके निर्देशो का अनुपालन, विगत तीन वर्षों में विधान परिषद के अल्पसूचित/तारांकित/अतारांकित प्रश्न, विधान परिषद के नियम 115, 105, 110 तथा 111 की सूचनाओं, उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्राप्त याचिकायें, विशेषाधिकार हनन के लंबित प्रकरण, विधान परिषद के  सदस्यों से प्राप्त पत्रों पर कार्रवाई, विधायकों के प्रोटोकॉल के उल्लंघन के प्रकरण, विभागीय बैठको में विधायको/जनप्रतिनिधियो को न बुलाने के प्रकरण, शासन से स्वीकृत कार्यों के शिलान्यास/उद्धघाटन समारोह में शिलापट्टो पर संबंधित विधायको के नाम तथा अन्य बिंदुओं की समीक्षा की गई।

समिति द्वारा उपर्युक्त बिन्दुओं की विभागवार समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्य एवं जनशिकायत से संबंधित प्रेषित पत्रो का नियत समय में निस्तारण किया जाये तथा की गई कार्यवाही से उनको अवगत कराया जाये। प्रोटोकाल का पूर्णतः पालन किया जाये। जनपद स्तर पर  जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुये विकास कार्यों में प्रगति सुनिश्चित की जाये। मा0 समिति द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि विभागवार दिये गये निर्देशो का अनुपालन शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाये तथा अनुपालन आख्या से समिति को अवगत कराया जाये। 

 सभापति ने कहा कि मेरठ खेल का केन्द्र है। सरकार द्वारा लगातार युवाओ की प्रतिभाओ को निखारने हेतु प्रयास किये जा रहे है। बडी संख्या में मेरठ के खिलाडी वैश्विक पटल पर मेरठ सहित भारत का नाम रोशन कर रहे है। मेरठ में खेल विवि का निर्माण हो रहा है। क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी से विभाग में पंजीकृत खिलाडी, दी जा रही सुविधाओ, निर्माणाधीन खेल विवि की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम निर्माण हेतु जानकारी प्राप्त करते हुये निर्देशित किया गया कि समस्त ब्लॉको में जमीनो का जल्द से जल्द चिन्हांकन कर स्टेडियम निर्माण कार्य हेतु प्रस्ताव भेजा जाये। ग्राम पंचायतो में डिजीटल लाईब्रेरी स्थापना हेतु शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुरूप कार्य में मानको का ध्यान रखते हुये आगे बढाया जाये। 

नगर विकास एवं मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा इंटीग्रेटेड प्लॉन के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुये निर्देशित किया गया कि समस्त विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढाया जाये। स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल एवं मुख्य चौराहो के सौन्दर्यीकरण व कूडा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुये आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये दिये। एक जिला एक उत्पाद के संबंध में समिति द्वारा जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी व नगर आयुक्त द्वारा स्पोर्टस काम्पलेक्स, कूडा प्रबंधन, शहर के सौन्दर्यीकरण का प्रजेन्टेशन दिया गया व विकास कार्यों से मा0 समिति को अवगत कराया गया। समिति ने कहा कि रात्रि के समय विजिलेंस टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत चोरी की जांच व छापा मारने की शिकायत प्राप्त हो रही है, यह उचित नहीं है, किसी भी प्रकार की जांच एवं कार्यवाही दिन में ही की जाये। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की गई व संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जल जीवन मिशन के अंतर्गत रोड कटिंग मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण मानक के अनुरूप शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाये तथा चिन्हित ग्राम का सत्यापन मा0 जनप्रतिनिधियो से कराया जाये व संबंधित विभाग द्वारा समस्त मरम्मत कार्य की रिपोर्ट से समिति को अवगत कराया जाये। 

मेरठ विकास प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा करते हुये समिति द्वारा निर्देशित किया गया कि अवैध कालोनी निर्माण एवं प्लॉटिंग पर विभाग द्वारा कार्यवाही सुनिश्चित की जाये तथा की गई कार्यवाही से समिति को लिखित रूप में अवगत कराया जाये। पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि मेरठ में पर्यटन के क्षेत्र में सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य कराये जा रहे है, समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ सभी कार्यों को सुनिश्चित किया जाये। समिति को बिना जानकारी दिये क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर चेतावनी देते हुये कहा कि संबंधित अधिकारी का लिखित स्पष्टीकरण लिया जाये। जिला पंचायत के अंतर्गत मानचित्र स्वीकृति हेतु समयबद्धता का पालन करते हुये कार्यवाही की जाये। बैठक में समिति द्वारा मेरठ सहित बागपत व हापुड जनपद के अन्य संबंधित विभागो के कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। 

      जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह ने  सभापति को आश्वस्त करते हुए कहा कि  बैठक में जो आपके द्वारा मार्गदर्शन एवं निर्देश दिए गए हैं उनका अधिकारियों के माध्यम से गंभीरता के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। 

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद नियम पुनरीक्षण समिति के सदस्य मोहित बेनीवाल,  जिला पंचायत अध्यक्ष  गौरव चौधरी, विधायक सिवालखास गुलाम मौहम्मद, एमएलसी अश्वनी त्यागी, एसएसपी अविनाश पांडे, सीडीओ नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, उपाध्यक्ष एमडीए संजय कुमार मीणा, अपर जिलाधिकारी वित्त सूर्य कान्त त्रिपाठी, पीडीडीआरडी सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति व जनपद बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल तथा बागपत व हापुड के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts